रेलवे स्टेशन पर यदि आप अपनी ट्रेन के आने का इंतज़ार कर रहे हैं तो इसके लिए भी आपको शुल्क देना होगा। यानि कि अपनी ट्रेन पकड़ने के लिए अगर आप समय से पहले स्टेशन पहुंच जाते हैं, तो ऐसा करना आपको महंगा पड़ सकता है।  

जानकर झटका लगा ना, लेकिन ये बात सौ फीसदी सच है रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय अब फ्री नहीं रहेंगे। यहां पर किसी ट्रेन का इंतजार करने के लिए अब यात्रियों को प्रति घंटे के हिसाब से भुगतान भी करना पड़ेगा। यात्रियों की अब 30 रुपये प्रति घंटे के हिसाब से शुल्क देना होगा। 

दरअसल, रेलवे वेटिंग रूम को किसी प्राइवेट एजेंसी को संचालित करने को देने की तैयारी में है। अब तक सिर्फ वीआइपी लॉज में ही 30 रुपये प्रतिघंटा के हिसाब से शुल्क लिया जाता था।

खबर है कि मुरादाबाद रेल मंडल के मुरादाबाद, हरिद्वार, बरेली, देहरादून रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय को प्राइवेट कंपनी को ठेके पर देने के लिए ई निविदा आमंत्रित करने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड दूरिज्म कारपोरेशन (आइआरसीटीसी) के रेस्टहाउस भी प्राइवेट एजेंसी को दिए जाएंगे।

गौरतलब है कि वर्तमान में रेल मैनुअल के मुताबिक ट्रेन आने से तीन घंटे पहले और जाने के तीन घंटे बाद तक प्रतीक्षालय में यात्रियों को निशुल्क ठहरने की सुविधा उपलब्ध है ट्रेन के देरी से आने पर यह अवधि बढ़ायी जा सकती है। प्रतीक्षालय में यात्रियों को आरक्षण टिकट दिखाना पड़ता है। शुल्क लेने की नई व्यवस्था में ट्रेन के देरी से आने के बारे में कोई व्यवस्था नहीं है।