भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा टी-20 बारिश के कारण टाई हो गया। न्यूजीलैंड ने भारत को 161 रन का लक्ष्य दिया था, जवाब में भारत ने नौ ओवर में चार विकेट पर 75 रन बना लिए थे तभी बारिश ने खलल डाल दिया। इसके बाद मुकाबला शुरू नहीं हो सका। 

इस समय डकवर्थ लुइस सिस्टम के तहत स्कोर बराबर था और मैच को टाई घोषित किया गया। इसके साथ ही भारत ने तीन मैचों की टी- 20 सीरीज 1-0 से अपने नाम की। सीरीज़ का पहला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था और दूसरा  टी-20 टीम इंडिया ने जीता था। 

टीम इंडिया की यह न्यूजीलैंड पर उसके घर में लगातार दूसरी टी20 सीरीज जीत है। इससे पहले 2020 में भारत ने विराट कोहली की कप्तानी में कीवी टीम को उसके घर में टी- 20 सीरीज मे 5-0 से हराया था।

इससे पहले न्यूजीलैंड की टीम मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह के आगे 19.4 ओवर में 160 रन पर सिमट गई थी। एक वक्त कीवी टीम ने 17वें ओवर में तीन विकेट गंवाकर 146 रन बनाए थे। इसके बाद सिराज और अर्शदीप ने कहर बरपाया। आखिरी 14 रन बनाने में न्यूजीलैंड ने सात विकेट गंवा दिए। अर्शदीप और सिराज दोनों ने चार-चार विकेट लिए। कॉन्वे और फिलिप्स दोनों ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आठवां अर्धशतक लगाया।