मध्यप्रदेश में बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार को भोपाल-इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के 33 जिलों में बारिश के आसार है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार से प्रदेश में फिर एक सिस्टम एक्टिव हो रहा है। इससे फरवरी के पहले सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहेगा।

शुक्रवार सुबह सागर संभाग में घना कोहरे का असर रहेगा। वहीं, ग्वालियर, चंबल, भोपाल और रीवा संभाग में भी कोहरा रहेगा। भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, सागर, चंबल संभाग समेत रतलाम, इंदौर और उज्जैन में गरज के साथ बिजली चमकने या बारिश होने की संभावना भी है।

तेज बारिश और खराब मौसम की वजह से उज्जैन में नर्सरी से 8वीं तक के स्कूलों की आज छुट्‌टी घोषित की गई है। शाजापुर में भी आज 5वीं तक की छुट्टी घोषित की गई है। कलेक्टर दिनेश जैन ने इसके आदेश भी जारी कर दिए हैं। जो जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों पर लागू होंगे।

बारिश के चलते दिन के तापमान में गिरावट आई है।  इंदौर सबसे ठंडा रहा। यहां गुरुवार को दिन का तापमान 17.8 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 19.4 डिग्री तापमान रहा। उज्जैन, धार, गुना, राजगढ़, नौगांव में भी पारा काफी कम रहा। यहां 20 डिग्री के नीच तापमान दर्ज किया गया।