भोपाल. केंद्रीय मंत्री सिंधिया के श्यामला हिल्स स्थित सरकारी बंगले में सोमवार रात को बारिश का पानी घुस गया। बंगले में पास में बह रहे नाले का गंदा पानी भी जा घुसा. इससे यहां के कई कीमती सामान और शाही फर्नीचर भी खराब हो गए। जैसे ही वरिष्ठ अधिकारियों को केंद्रीय मंत्री के बंगले में पानी घुसने की सूचना मिली, वे घबरा उठे. राजधानी में जारी झमाझम बारिश के बीच सभी अहम काम छोड़कर कई अधिकारी सिंधिया के बंगले की ओर भागे। भोपाल नगर निगम के कमिश्नर और PWD के कई वरिष्ठ अधिकारी भी केंद्रीय मंत्री के बंगले पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रदेश में पिछले कई दिनों से लगातार और तेज बारिश हो रही है। राजधानी भोपाल में भी जबर्दस्त बरसात हो रही है जिसके कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। शहर के सबसे पाश इलाके में शुमार श्यामला हिल्स भी इससे अछूता नहीं है। यहां तो केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सरकारी बंगले में ही बरसात का पानी भर गया। सिंधिया के बंगले में पास में बह रहे नाले का पानी भी जा घुसा। तेज बरसात और जलभराव के कारण यहां हालात ऐसे बन गए कि सिंधिया के बंगले के अंदर से पानी की तेज धारा बाहर बहकर आ रही थी। बंगले में पानी घुसने से यहां तैनात सभी कर्मचारी परेशान हो गए. कर्मचारी रात भर कमरों में भरा पानी निकालते रहे। बंगले में भरे पानी का वीडियो भी वायरल हो गया.
गौरतलब है कि श्यामला हिल्स पर सिंधिया का सरकारी बंगला हाल ही में बनकर तैयार हुआ है। महीने भर पहले ही वे यहां रहने आए. इस बंगले की खासी साजसज्जा और रिनोवेशन के बाद ही सिंधिया यहां आए थे. इस बंगले में उन्होंने सपरिवार विधिवत गृह प्रवेश किया था। बताया गया है कि बारिश और नाले के गंदे पानी की वजह से बंगले में लगा कीमती वुडन फ्लोर और फर्नीचर खराब हो गया है।