Uttarakhand News: उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर लगातार जारी है. इस बीच सोमवार को देहरादून के मालदेवता में तेज़ बारिश के चलते दून डिफेंस कॉलेज की बिल्डिंग अचानक ढह गई. राज्य में पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश हो रही है. जिससे बांदल नदी का जलस्तर बढ़ गया है. बांदल नदी की तेज धारा में कॉलेज भवन बह गया.
भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी-
उत्तराखंड में मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल समेत छह जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी राज्य लगातार मानसूनी बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुआ है. जिसमें अब तक 60 लोगों की मौत हो चुकी है. कम से कम 17 लोग अभी भी लापता हैं. भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई सड़कें अवरुद्ध हो गई है.
भारी बारिश के कारण लगभग 1,169 घर हुए क्षतिग्रस्त-
जानकारी के मुताबिक, टिहरी में कुंजापुरी बगड़ धार के पास भूस्खलन के कारण ऋषिकेश-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है. जबकि, ऋषिकेश-देवप्रयाग-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सखणी धार में भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है. भारी बारिश के कारण लगभग 1,169 घर और बड़ी मात्रा में कृषि भूमि भी क्षतिग्रस्त हो गई.
उत्तराखंड सरकार ने SDRF को हाई अलर्ट पर रखा-
भारी बारिश से उत्पन्न बाढ़ जैसे हालातों के कारण देहरादून और चंपावत में आज सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है. बाढ़ को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) को हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी आपात स्थिति में लोगों की मदद के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है.