राजस्थान को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिल गई। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर से दिल्ली कैंट के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।  

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान की धरती को आज पहली वंदे भारत ट्रेन मिल रही है। दिल्ली कैंट अजमेर वंदे भारत एक्सप्रेस जयपुर से दिल्ली का सफर आसान बनाएगी। वंदेभारत  राजस्थान पर्यटन में भी काफी मददगार साबित होगी। यह छठी वंदेभारत है जिसे मुझे पिछले दो महीनों में हरी झंडी दिखाने का सौभाग्य मिला है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अजमेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ करने पर पीएम मोदी का स्वागत किया। उन्होंने कहा, 'मैं पीएम मोदी का स्वागत करता हूं और आभार व्यक्त करता हूं कि अब वंदे भारत ट्रेन, जिसका अपना महत्व है, अब राजस्थान में भी चलने लगी है। मेरे कुछ सुझाव हैं, राजस्थान की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए रेल नेटवर्क अधिकतम होना चाहिए। मैं पीएम और हमारे रेल मंत्री अश्विनी जी से कहूंगा कि राजस्थान में ज्यादा से ज्यादा काम हो, आप इस पर ध्यान दें।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अजमेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए पीएम मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज PM मोदी ने आज राजस्थान की जनता को सेकेंड जनरेशन की उन्नत वंदे भारत ट्रेन दी है। अजमेर से दिल्ली को जोड़ने वाली ये वंदे भारत राजस्थान की पहली और देश की 15वीं वंदे भारत ट्रेन है। राजस्थान में रेल कार्यों को गति देने के लिए PM ने अधिक बजट का आवंटन किया है। 2014 से पहले साल में 650 करोड़ के आसपास का बजट था, 2022-23 में इसे बढ़ाकर 9500 करोड़ राजस्थान को दिए गए हैं।