IPL 2022 के फाइनल मुकाबले से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम अब महज एक कदम दूर है। लखनऊ के खिलाफ खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में टीम ने 14 रन से जीत हासिल की। इस मैच के हीरो रजत पाटीदार रहे। उन्होंने मात्र 54 गेंद में नाबाद 112 रन बनाए। इंदौर के रहने वाले रजत पाटीदार ने लखनऊ के दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ बिना डरे रन बनाए और आतिशी बल्लेबाजी की।
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली जैसे बल्लेबाज फ्लॉप हो गए पर ऐसे में रजत ने हार नहीं मानी. उन्होंने पूरी पारी का जिम्मा खुद संभाल लिया। नाजुक मौके पर मैदान में उतरे पाटीदार ने केवल 54 गेंद पर 112 रन बनाए और बेंगलुरु को 200 का आंकड़ा पार करा दिया.
कप्तान फाफ का विकेट गिरने के बाद रजत ने मैदान पर फर्स्ट डाउन बैटर के तौर पर कदम रखा था। पहले उन्होंने विराट कोहली के साथ मिलकर पारी को संभाला और फिर खुलकर शॉट लगाए. विराट रन गति तेज करने की फिराक में आउट हो गए तो फैंस को लगा कि टीम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पर ऐसे में रजत पाटीदार ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु के खेमे में जश्न का माहौल बना दिया।
प्लेआफ में टीम के लिए रजत ने ऐसी यादगार पारी खेली जिसको आइपीएल में हमेशा याद रखा जाएगा। मुश्किल वक्त में आकर उन्होंने टीम को संभाला और धमाकेदार शतक भी जमाया। अंत तक नाबाद रहते हुए रजत पाटीदार ने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
इस बल्लेबाज ने 49 गेंद पर 11 चौके और 6 छक्के की मदद से सेंचुरी पूरी की। रजत ने IPLमें पहला शतक बनाकर अपने परिजनों को भी आश्चर्यमिश्रित खुशी से भर दिया। रजत के शतक के बाद उनके पिता ने कहा कि हमें उससे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी लेकिन शतक लगाने की उम्मीद नहीं थी। उसका अच्छा खेल उसकी अथक मेहनत का परिणाम है। खास बात यह है कि रजत रिप्लेसमेंट प्लेयर के तौर पर बेंगलुरु से जुड़े थे लेकिन उन्होंने टीम को एलिमिनेटर में बड़ी जीत दिलाई।