मध्यप्रदेश पुलिस के सामुदायिक पुलिसिंग मे जनसहभागिता को ध्यान में रखते हुए अभिनव पहल की शुरुआत कर रही है। नगरीय पुलिस भोपाल ने राजधानी के शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे विद्यार्थियों के लिए इन्टर्नशिप कार्यक्रम शुरू किया है।
इस संबंध में प्रथम चरण में 10 शिक्षण संस्थान क्रमश- एनएलयू, मैनिट, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, आरजीपीवी, जागरण लेक सिटी यूनिवर्सिटी, आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी, रविन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी, ओरिएंटल कालेज, द भोपाल ऑफ स्कूल ऑफ सोशियल सांईसेस कॉलेज एवं इंस्टीट्यूट फार एक्सीलेंस इन हॉयर एजुकेशन कॉलेज के वरिष्ठ विषय विशेषज्ञ के साथ बैठक का आयोजन किया गया एवं विद्यार्थी इन्टर्नशिप के संबंध में उनको अवगत कराया गया तथा उनके सुझाव लिए गए।
विद्यार्थी इन्टर्नशिप के अन्तर्गत महिला संबंधी अपराध घरेलू हिंसा, यातायात प्रबंधन, विधि एवं न्याय, सुरक्षित शहर प्रबंधन, सायबर क्राईम, सामान्य विधि प्रवर्तन, पुलिस के विभिन्न शाखाओं के कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष तौर पर समझने का मौका मिलेगा वहीं विद्यार्थी इन्टर्नशिप की अवधि करीब आठ सप्ताह से तीन माह के मध्य होगी जो प्रशिक्षण की विषयवस्तु पर निर्भर रहेगी।
ज्ञातव्य है कि यह प्रशिक्षण नगरीय पुलिस भोपाल के क्षेत्रान्तर्गत समस्त शिक्षण संस्थानों के लिये उपलब्ध रहेगा। द्वितीय चरण में इच्छुक शिक्षण संस्थानों को विद्यार्थी इन्टर्नशिप कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। प्रशिक्षण उपरांत विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट भी प्रदाय किए जाएगे। संगोष्ठी बैठक में पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) विनीत कपूर की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।