MP Election 2023: मध्य प्रदेश की सियासत में नेताओं का दल-बदलने का दौर लगातार जारी है. एक तरफ जहां प्रदेश में पोस्टर वार छिड़ा हुआ हैं. बीजेपी और कांग्रेस एक दूसरे पर जमकर बयानबाजी में भी पीछे नहीं है. तो वहीं, दूसरी तरफ दोनों ही दलों के नेता अपनी सुविधा अनुसार दल बदलने में लगे हुए हैं.
ख़ासकर सिंधिया सर्मथक नेता जो 2018 विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी में शामिल हुए थे. वहीं, अब चुनाव से पहले एक बार फिर कांग्रेस में घर वापसी की तैयारी कर रहें हैं. बीजेपी को आज एक फिर बड़ा झटका लगा हैं क्योंकि ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी नेता और शिवपुरी से बीजेपी जिला उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. आज उनकी दोबारा से कांग्रेस में घर वापसी हो गई है.
देंखे लाइव-
आज से करीब 15 दिन पहले ही सिंधिया के खास माने जाने वाले बीजेपी नेता बैजनाथ सिंह यादव ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया था. अब राकेश गुप्ता कांग्रेस ज्वाइन करने के लिए भोपाल कांग्रेस दफ्तर पहुंच गए हैं. राकेश गुप्ता ने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ की मौजूदगी में कांग्रेस ज्वाइन की.
कांग्रेस में शामिल होने से पहले राकेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि सिंधिया के साथ में वह बीजेपी में तो गए लेकिन वहां पर उन्हें कोई सम्मान नहीं मिला. सिंधिया के साथ गए कुछ चुनिंदा विधायक और मंत्रियों को ही लाभ मिल सका. जबकि दूसरे सिंधिया समर्थक नेता जो कांग्रेस छोड़कर गए थे, उन्हें बीजेपी में कुछ नहीं मिला. जिससे उनके सम्मान को ठेस पहुंची है.
बता दें कि बीजेपी से इस्तीफा देने वाले राकेश गुप्ता पहले कांग्रेस से शिवपुरी जिला अध्यक्ष रह चुके हैं. सिंधिया के पार्टी छोड़ने के बाद साल 2020 में वह भी बीजेपी में शामिल हो गए थे. लेकिन अब फिर से उनकी कांग्रेस में घर वापसी हो गई हैं.