LPG Cylinder Prices: केंद्र सरकार ने महंगाई से परेशान जनता को रक्षाबंधन पर बड़ी राहत दी हैं. घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत को कम करने का बड़ा फैसला लिया हैं. प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना समेत सभी घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में 200 रुपये की कटौती की गई है.

उज्जवला योजना के लाभार्थियों को पहले से 200 रुपये की सब्सिडी हर रिफिल पर मिल रही है. ऐसे में 200 रुपए की कटौती के बाद इस योजना के लाभार्थियों को 400 रुपये कम हर रिफिल पर देने होंगे. यानी की पीएम उज्जवला योजना के लाभार्थियों को घरेलू सिलेंडर 400 रुपये सस्ता मिलेगा.

दरअसल, केंद्र सरकार पहले से ही जनता को राहत देने का मन बना चुकी है ताकि राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के चुनावों में उसे फायदा मिल सके. इन तीनों राज्यों में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. इसके अलावा तेलंगाना में भी चुनाव होने हैं. ऐसे में महंगाई से परेशान जनता को राहत देने की कोशिश के तौर पर भी इसे देखा जा सकता है.

15 अगस्त को प्रधानमंत्री मोदी ने कहीं थी ये बात-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से अपने भाषण में कहा था कि सरकार ने आम लोगों को महंगाई से राहत दिलाने के लिए कई फैसले लिए और आने वाले दिनों में और भी फैसले लेगी. इस फैसले को भी उसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि इसके जरिए सरकार महंगाई के मुद्दे पर घेर रहे विपक्ष को भी जवाब दे सकेगी.

बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस ने सिलेंडर की कीमत का मुद्दा उठाया था और इसका असर भी देखने को मिला. ऐसे में लोकसभा चुनाव और उससे पहले कई राज्यों के होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने जनता को महंगाई से बड़ी राहत दी है.