जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने भगवान राम को पूरी दुनिया का भगवान बताया। एक जनसभा को संबोधित करते हुए अब्दुल्ला ने बिना नाम लिए बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि नेता धार्मिक विभाजन पैदा करना चाहते हैं। आज मंदिर और मस्जिद के बीच कोई लड़ाई नहीं है।
उन्होंने कहा कि मैं उन लोगों को बताना चाहता हूं जो मानते हैं कि भगवान राम केवल उनके हैं, लेकिन भगवान राम पूरे विश्व के भगवान हैं। न केवल हिंदुओं के बल्कि उन सभी के भगवान भी हैं जो भगवान को नहीं मानते हैं। जो कहते हैं कि राम हमारे हैं, मैं कहना चाहता हूं कि राम सबके हैं। हम सभी को यह समझना होगा कि हमें इकट्ठे चलना है और धर्म को भी मजबूत करना है।
फारूक अब्दुल्ला बोले, बच्चों को सच्चा धर्म सिखाएं क्योंकि कोई भी धर्म चोरी करना, धोखा देना या बलात्कार करने के लिए नहीं कहता है। धर्म कहता है कि ये रास्ता सही है इसपर चलो। कोई भी धर्म ख़राब नहीं है बल्कि इंसान खराब है। जब मैं अपना धर्म सीख सकूंगा और समझ लूँगा तो मुझे दूसरा धर्म बुरा नहीं लगेगा। ये लोग चुनाव में बहुत इस्तेमाल करेंगे कि हिंदू खतरे में हैं। जब देश में 80 प्रतिशत हिंदू है तो वे कैसे खतरे में हैं। उनसे डरो जो ख़तरा पैदा करने की कोशिश करते हैं और प्रभु से सही रास्ता मांगों।
'कभी नहीं लिया पाकिस्तान का पक्ष'
उन्होंने आगे कहा कि हम पर लगातार आरोपों लगते रहे पर हमने कभी भी पाकिस्तान से हाथ नहीं मिलाया। नेशनल कांफ्रेंस ने कभी पाकिस्तान का पक्ष नहीं लिया। जिन्ना मेरे पिता से मिलने आए लेकिन हमने उनसे हाथ मिलाने से इनकार कर दिया।
केंद्र सरकार पर हमला-
केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए आगे कहा कि उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश में अपने वादे पूरे नहीं किए। हमें यहां 50,000 नौकरियों का वादा किया गया था, कहां हैं नौकरियां? हमारे डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और हमारे बच्चे सभी बेरोजगार हैं। यह एक राज्यपाल की ओर से नहीं किया जा सकता है, आप उन्हें जवाबदेह नहीं ठहरा सकते इसलिए चुनाव महत्वपूर्ण हैं। बता दें कि उनका ये बयान जम्मू-कश्मीर में धारा 370 को खत्म करने के बाद पहले चुनाव की तैयारी के बीच आया है। चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने की उम्मीद है।