इस बार सरकार ने उसे एक महीने की पैरोल दी है और वह शुक्रवार को जेल से बाहर आ गया। रोहतक जेल से बाहर आने के बाद अब यूपी के बागपत स्थित अपने डेरा आश्रम में पहुंचा है। इससे पहले पंजाब विधानसभा चुनाव के समय हरियाणा सरकार ने राम रहीम को 21 दिनों का पैरोल दिया था।
बताया जा रहा है कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम अगले एक महीने तक वह यहीं रहेगा। राम रहीम की मौजूदगी के बीच डेरा के आसपास पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। डेरे में प्रवेश की अनुमति भी नहीं दी जा रही है। राम रहीम को यह पैरोल हरियाणा सरकार की तरफ से मिली है। इस साल 7 फरवरी को 21 दिन की पैरोल मिली थी और सरकार की तरफ से बकायदा जेड प्लस सिक्योरिटी भी मुहैया करवाई गई थी।
डेरा पहुंचने के बाद राम रहीम ने अपने समर्थकों को भेजे वीडियो संदेश में अपने समर्थकों से घर में रहने की बात कही है। साथ ही अनुयायियों को कहा है कि डेरा के मैनेजमेंट के आदेशों पर काम करें और प्रशासन के आदेशों को भी मानना है।
गौरतलब है कि राम रहीम रेप केस के साथ दो हत्याओं के मामले में सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। उसे पंचकूला की सीबीआई कोर्ट ने अगस्त 2017 में साध्वी यौन शोषण मामले में 20 साल की सजा सुनाई थी। वहीं कैथल के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति मर्डर केस में भी राम रहीम को सजा मिली है।