Ramlala Pran Pratishtha: प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होनी है. इस समारोह के लिए अयोध्या स्थित राम मंदिर को भव्य आयोजन के लिए पुष्पों और विशेष रोशनी से सजाया गया है. इस प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले भगवान राम की नई मूर्ति गुरुवार की दोपहर राम जन्मभूमि मंदिर के गर्भगृह में रखी गई.

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई अन्य गणमान्य अतिथि 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे. वहीं, प्राण-प्रतिष्ठा के बाद आम नागरिक भी यहां दर्शन कर सकेंगे. प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन राम मंदिर में एंट्री को लेकर कुछ ख़ास नियम बनाए गए हैं, जिसका सभी को ख्याल रखना होगा. तो चलिए जानते हैं उन नियमों के बारे में, जिनका पालन करना होगा.

1. राम मंदिर में एंट्री करते समय आपको अपने इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी. इन गैजेट्स में सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस शामिल हैं. इसके अलावा पर्स व अन्य कोई बैग भी अंदर नहीं ले जा सकेंगे.

2. प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन सभी मेहमानों को सुबह 11 बजे से पहले मंदिर में एंट्री लेनी होगी. साथ ही सुरक्षा के लिहाज से अगर कोई सुरक्षाकर्मी या बॉडीगार्ड साथ आया है तो उसे भी बाहर ही रुकना होगा.

3. प्राण प्रतिष्ठा को लेकर राम मंदिर ट्रस्ट की तरफ से कोई ड्रेस कोड लागू नहीं किया गया है. हालांकि, आप राम मंदिर के उद्घाटन में भारतीय परंपरा अनुसार भगवा कलर के कपड़े पहनकर जा सकते हैं. जिसमें पुरुष- धोती, गमछा, कुर्ता-पजामा और महिलाएं- सलवार सूट या साड़ी में जा सकती हैं.