अडानी समूह द्वारा टेकओवर किये जाने के बाद एनडीटीवी के सबसे चर्चित और मैग्सेसे अवार्ड विजेता पत्रकार रवीश कुमार ने भी इस्तीफा दे दिया है। रवीश से पहले चैनल के फाउंडर प्रणव राय और राधिका राय ने भी RRPR होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया था। 

यह माना जा रहा था कि अडानी समूह के पास NDTV के जाने के बाद रवीश कुमार इस्तीफा दे देंगे और हुआ भी ऐसा ही। रवीश के इस्तीफे की पुष्टि चैनल ने एक आंतरिक मेल में की गई है। इसमें लिखा गया कि रवीश का इस्तीफा तत्काल रूप से प्रभावी है।

रवीश कुमार NDTV में देश की बात और प्राइम टाइम सहित कई कार्यक्रमों को होस्ट करते थे। रवीश कुमार को उनकी पत्रकारिता के लिए दो बार रामनाथ गोयनका एक्सीलेंस इन जर्नलिज्म अवार्ड और 2019 में रेमन मैग्सेसे अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
 
रवीश के इस्तीफे से पहले  NDTV ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को प्रणय रॉय और राधिका रॉय के इस्तीफे की जानकारी दी थी। इसमें  प्रणय और राधिका के डायरेक्टर पद से इस्तीफे की सूचना दी गई थी। प्रणय और राधिका के इस्तीफे के बाद संजय पुगलिया, सुदीप्ता भट्टाचार्य, सेंथिल सिनेया चेंगलवार्यन को आरआरपीआर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड के बोर्ड में डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। RRPR होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड के पास एनडीटीवी की 29.18 फीसदी हिस्सेदारी थी, लेकिन अब इस हिस्सेदारी को अडानी समूह ने खरीद लिया है।