Newsclick Controversy: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार यानी 3 अक्टूबर को ऑनलाइन पोर्टल न्यूज़क्लिक के दफ्तर और उसमें काम करने वाले पत्रकारों के घरों पर छापेमारी की है. ये छापेमारी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और मुंबई में करीब 100 ठिकानों पर चल रही है. 

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के करीब 500 जवान रेड में शामिल हैं. इसके अलावा कुछ पत्रकारों को भी हिरासत में लिया गया है. न्यूज़क्लिक के खिलाफ ये कार्रवाई 17 अगस्त को दर्ज UAPA के तहत की गई है. वहीं, अब इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का एक बयान सामने आया हैं.

मोदी साहिब की नींद उड़ी हुई है- पवन खेड़ा

पवन खेड़ा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्विटर (X) के ज़रिये एक पोस्ट में लिखा, कल जब से बिहार के जाति जनगणना के चौंका देने वाले आँकड़े सामने आये हैं, पूरे देश में जाति जनगणना की माँग ज़ोर पकड़ रही है. मोदी साहिब की नींद उड़ी हुई है.

उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए आगे लिखा, जब पाठ्यक्रम के बाहर का कोई सवाल खड़ा हो जाता है तो मोदी जी के पाठ्यक्रम का एक देखा भाला अस्त्र बाहर ले आया जाता है, मुद्दे से लोगों का ध्यान बँटाने का अस्त्र. आज सुबह से न्यूज़क्लिक के योगदानकर्ता पत्रकारों के ख़िलाफ़ हो रही कार्यवाही इसी पाठ्यक्रम का हिस्सा है.

UAPA के तहत किया गया मामला दर्ज-

बता दें कि 2021 में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने न्यूज़क्लिक को मिली अवैध फंडिंग को लेकर मुकदमा दर्ज किया था. आरोप हैं कि ये संदिग्ध फंडिंग चीनी कंपनियों के जरिये न्यूज़क्लिक को मिली थी. अब इसी मामले में स्पेशल सेल ने UAPA के तहत मामला दर्ज किया है.

ख़बरों के मुताबिक, पत्रकार उर्मिलेश और सत्यम तिवारी को हिरासत में लिया गया है. इनके वकील स्पेशल सेल के दफ्तर पहुंच गए हैं. वहीं, पत्रकार अभिसार शर्मा को भी दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम लेकर गई है. न्यूज़क्लिक के संस्थापक और प्रधान संपादक प्रबीर पुरकायस्थ को स्पेशल सेल के दफ्तर लाया गया है.