देश आज अपना 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. भारत की ताकत देश में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में भी दिखेगी. हर साल इस दिन को लेकर पूरा देश उत्सुक रहता है. इसके अलावा भारत गणतंत्र दिवस को बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मना रहा है. 73वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं दी हैं.

अमित शाह ने दी शुभकामनाए :

साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी है और उन सभी सैनिकों को सलाम कहा जिन्होंने भारत गणराज्य के गौरव, एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया. आइए हम सभी आज स्वतंत्रता के लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने का संकल्प लें.

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में फहराया राष्ट्रीय ध्वज :

73वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया. साथ ही जेपी नड्डा ने इस अवसर पर कहा कि, मैं भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से और अपनी ओर से सभी देशवासियों को 73वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं. हम सब उन्हें याद करते हैं, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सब कुछ बलिदान कर दिया. उनका सपना था, स्वतंत्रता, स्वराज और सुराज. आज हम कह सकते हैं कि उन्हें हमें स्वतंत्रता मिली, स्वराज मिला और पीएम मोदी के नेतृत्व में हमें सुराज मिला. कोरोना काल में विकसित राष्ट्रों ने तक खुद को असहाय पाया, उनकी व्यवस्थाएं लड़खड़ाती हुई दिखीं.

लेकिन हम गौरव के साथ कह सकते हैं कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश, समाज एकजुट होकर उनके साथ चला और इस आपदा को अवसर में बदलकर कोरोना से लड़ाई लड़ी. दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे तेज टीकाकरण का काम भारत में हुआ है. इस संकट काल में 130 करोड़ के देश को संभालने का काम किया गया है और कोरोना के संक्रमण से लड़कर हम आगे बढ़ें हैं. मोदी जी के नेतृत्व में हम सब लोग देश को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित हैं. कोरोना काल में हमारे नौजवानों ने स्टार्ट-अप्स को आगे बढ़ाया. हम लोग भी अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने का हर प्रयास कर रहे हैं. ये बताता है कि भारत आर्थिक सबलता की ओर बढ़ रहा है. हम सबको आज संकल्प लेना है कि हम सब लोग देश को आगे बढ़ाने में पूरा योगदान देंगे, समाज में सबको साथ लेकर चलेंगे और सबल समाज बनाकर देश को मजबूती प्रदान करेंगे.

राहुल गाँधी ने दी शुभकामनाएँ :

73वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी ने इस बार केंद्र सरकार के अमर जवान ज्योति को विलय करने वाले फ़ैसले पर आपत्ति जताते हुए सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दी. साथ ही लिखा कि, 1950 में गणतंत्र दिवस पर हमारे देश ने विश्वास के साथ सही दिशा में पहला क़दम बढ़ाया था. सत्य और समानता के उस पहले क़दम को नमन। गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ। जय हिंद!

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दी शुभकामनाएँ :

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 73वें गणतंत्र दिवस के अवसर सभी देशवासियों को शुभकामनाएँ दी. अरविंद केजरीवाल ने इस अवसर लिखा कि, विश्व में भारत का संविधान सबसे बड़ा लिखित संविधान है. बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर जी द्वारा रचित ये संविधान हर भारतीय की उम्मीदों और आकांक्षाओं को समेटे है. महान भारतीय गणराज्य के 73वें गणतंत्र दिवस की सभी देशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएँ.