Republic Day 2024 Live Updates: गणतंत्र दिवस भारत का एक राष्ट्रीय पर्व है जो हर साल 26 जनवरी को मनाया जाता है. इस बार साल 2024 में भारत अपना 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. हर साल गणतंत्र दिवस के मौके पर विदेश से खास मेहमानों को आमंत्रित किया जाता है. इस बार फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए भारत पहुंचे हैं.

इस दिन देश की राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ का नज़ारा बेहद खास होता है. कर्तव्य पथ पर देश की अखंडता, विविधता में एकता और सैन्य ताकत की झलक देखने को मिलती है. गणतंत्र दिवस समारोह को देश की सभी स्कूलों से लेकर कॉलेज और सरकारी संस्थानों में सेलिब्रेट किया जाता है.

गणतंत्र दिवस उस दिन की याद दिलाता है जब भारत का संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था. इसे 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा बनाया और अपनाया गया था. हमें गर्व होना चाहिए कि हम भारतीय हैं. हम उस देश के वासी है जिस देश में हर धर्म को सम्मान दिया जाता है, किसी के साथ भेदभाव नहीं होता है. हम उस देश में रहते है जिसका संविधान पुख़्ता है, जो किसी धर्म के साथ अन्याय नहीं होने देता. इस साल परेड देखने के लिए कर्तव्य पथ पर करीब 50 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे हैं. हजारों लोग टीवी और अन्य माध्यमों से इसे लाइव देख रहे हैं.

देंखें लाइव-

 

Republic Day 2024 Live Updates:

  • उत्तर प्रदेश की झांकी कर्तव्य पथ से गुजरी, इस झांकी की थीम हैं अयोध्या: अयोध्या के राम मंदिर और रामलला के गीत यूपी की झांकी के साथ बजाए गए. झांकी के आगे के हिस्से में रामलला की प्रतिमा दिखाई गई. उत्तर प्रदेश की झांकी के पीछे तेलंगाना की झांकी आ रही है, जिसकी थीम- जमीनी स्तर पर लोकतंत्र- तेलंगाना के स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत रही.
  • अब कर्तव्य पथ से आंध्र प्रदेश की झांकी गुजर रही है, जिसकी थीम 'आंध्र प्रदेश में स्कूली शिक्षा में बदलाव से छात्रों को विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना' थी. इसके पीछे लद्दाख, तमिलनाडु और गुजरात की झांकी हैं.
  • अब कर्तव्य पथ से राजस्थान की झांकी गुजर रही है, जिसकी थीम विकसित भारत में पधारो म्हारे देश है. इस झांकी में राजस्थान की संस्कृति का प्रदर्शन किया गया. इसके पीछे महाराष्ट्र की झांकी है, जिसकी थीम भारतीय लोकतंत्र के लिए प्रेरणा- छत्रपति शिवाजी महाराज है.
  • अब कर्तव्य पथ से मध्य प्रदेश की झांकी आत्मनिर्भर महिला-विकास का मंत्र थीम के साथ गुजर रही है. उनके पीछे ओडिशा की झांकी है, जिसकी थीम है विकसित भारत में महिला सशक्तिकरण. जिसके बाद छत्तीसगढ़ की झांकी है, जिसकी थीम बस्तर मुरिया दरबार की आदिम जन संसद है.
  • हरियाणा और मणिपुर की झांकी: अरुणाचल प्रदेश के बाद हरियाणा की झांकी रही, जिसकी थीम मेरा परिवार मेरी पहचान थी. उसके पीछे मणिपुर की झांकी 'थम्बल गी लंगला-कमल धागे' की थीम के साथ कर्तव्य पथ से गुजरी.
  • अरुणाचल प्रदेश की झांकी से हुई शुरुआत: अरुणाचल प्रदेश की झांकी से राज्यों की झांकियों की शुरुआत हुई है. इस झांकी में बुगुन समुदाय दिखाया गया है. इस झांकी को सबसे पहले रखे जाने से भारत ने चीन को साफ-साफ संदेश दिया है कि अरुणाचल भारत का अभिन्न अंग हैं.
  • NCC ऑल गर्ल ट्राई सर्विस मार्चिंग दल ने किया कदमताल: भारतीय सेना और अर्ध सैनिक बलों के बाद अब एनसीसी की अलग-अलग टुकड़ियां कदमताल कर रही हैं. पहली बार इस परेड में ऑल-गर्ल ट्राई-सर्विस मार्चिंग दस्ता हिस्सा ले रहा है, जिसका नेतृत्व उत्तर प्रदेश निदेशालय की सीनियर अंडर ऑफिसर तनु तेवतिया कर रही हैं. इस दस्ते में 148 लड़कियों शामिल हैं.
  • सीमा सुरक्षा बल का ऊंट दस्ता: सीमा सुरक्षा बल के ऊंटों के दस्ते की कमान डिप्टी कमांडेंट मनोहर सिंह खीची ने संभाली. बीएएसएफ के शाही ऊंट राजस्थान और गुजरात सीमा पर कुख्यात तस्करों और चरमपंथियों का सफलतापूर्वक पता लगाने में सहायक रहे हैं. भारत में जी20 सम्मेलन के दौरान विदेशी प्रतिनिधियों द्वारा भी बीएसएफ ऊंट दल के प्रदर्शन की सराहना की गई थी.
  • जल, थल और वायु सेना के बाद अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियां कर रही हैं कदमताल: वायु सेना के बाद कोस्ट गार्ड्स और फिर BSF का दस्ता कदमताल कर रहा है. ये पूरी टुकड़ी महिला अधिकारियों की है. उनके पीछे CISF का दस्ता है और ये दस्ता भी पूरी तरह से नारी शक्ति से सुसज्जित है. उनके पीछे ITBP का दस्ता कदमताल कर रहे है.
  • सक्षम, सशक्त, आत्मनिर्भर की थीम पर वायु सेना का कदमताल: इस समय भारतीय वायु सेना की टुकड़ी कदमताल कर रही है. वायु सेना की टुकड़ी में स्क्वाड्रन लीडर रश्मी ठाकुर के नेतृत्व में 144 वायुसैनिक और चार अधिकारी शामिल हैं. स्क्वॉड्रन लीडर सुमिता यादव और प्रतीति अहलूवालिया और फ्लाइट लेफ्टिनेंट कीर्ति रोहिल दल कमांडर के पीछे अतिरिक्त अधिकारियों के रूप में मार्च पास्ट कर रही हैं. भारतीय वायु सेना की झांकी की थीम सक्षम, सशक्त, आत्मनिर्भर है.
  • मद्रास रेजिमेंट का मार्चिंग दस्ता: कर्तव्य पथ पर मद्रास रेजिमेंट के वीर थंबिज नजर आए. इस दस्ते का नेतृत्व कैप्टन यश डाडल ने किया.इसके बाद गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, गोरखा ट्रेनिंग सेंटर और गोरखा ट्रेनिंग सेंटर का संयुक्त बैंड दस्ता कर्तव्य पथ से गुजरा.
  • लेफ्टिनेंट संयम चौधरी ने किया राजपूताना राइफल्स के दस्ते का नेतृत्व: राजपूताना राइफल्स का नेतृत्व लेफ्टिनेंट संयम चौधरी ने किया. इस राइफल्स का आदर्श वाक्य 'वीर भोग्य वसुंधरा' है जबकि युद्ध घोष 'राजा रामचंद्र की जय है.' इसके बाद जम्मू-कश्मीर लाइ रेजिमेंटल सेंटर 01 सिग्नल ट्रेनिंग सेंटर और आर्टिलरी सेंटर, हैदराबाद का संयुक्त बैंड दस्ता कर्णप्रिय धुनें बजाते हुए नजर आए.
  • नारी शक्ति के हाथों में भारत के दमदार हथियार: पहली बार कर्त्तव्य पथ पर सभी टुकड़ियां महिलाओं की ही हैं, जिसका नेतृत्व सैन्य पुलिस की कैप्टन संध्या कर रही हैं. इसमें तीन अतिरिक्त अधिकारी कैप्टन शरण्या राव, सब लेफ्टिनेंट अंशू यादव और फ्लाइट लेफ्टिनेंट श्रृष्टि राव हैं. महिला सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा दल का नेतृत्व मेजर सृष्टि खुल्लर कर रही हैं, जिसमें आर्मी डेंटल कोर में कैप्टन अंबा सामंत, भारतीय नौसेना में सर्जन लेफ्टिनेंट कंचना और भारतीय वायु सेना में फ्लाइट लेफ्टिनेंट दिव्या प्रिया शामिल हैं.
  • टी-90 टैंक ने दी राष्ट्रपति को सलामी: घुड़सवारों के दस्ते के बाद टी-90 टैंक से लेफ्टिनेंट फैज सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सलामी दी. इस टैंक को भीष्म के नाम से भी जाना जाता है और ये भारतीय थल सेना का एक खतरनाक हथियार है. उसके पीछे भारतीय निर्मित नाग मिसाइल चल रही है.
  • सर्वत्र मोबाइल ब्रिजिंग सिस्टम: मैकेनाइज्ड कॉलमों में 9 रैपिड इंजीनियर रेजिमेंट के कैप्टन सुमन सिंह के नेतृत्व में कोर ऑफ इंजीनियर्स के सर्वत्र मोबाइल ब्रिजिंग सिस्टम का दस्ता कर्तव्य पथ से गुजरा.इसके बाद अगली टुकड़ी मोबाइल ड्रोन जैमर सिस्टम और सिग्नल कोर के एडवांस रेडियो फ्रीक्वेंसी मानिटरिंग की रही. इसके बाद 3 इलेक्ट्रॉनिंक वारफेयर बटालियन का एडवांस रेडियो फ्रीक्वेंसी मॉनिटरिंग सिस्टम की टुकड़ी ने कर्तव्य पथ की शान बढ़ाई.
  • 61वीं कैवेलरी के घुड़सवारों ने दी राष्ट्रपति को सलामी: फ्रांस की सेना के पीछे भारतीय सैन्य दस्तों का आना शुरू हो गया है. सबसे पहले भारती सेना की कैवेलरी यूनिट राष्ट्रपति के सामने से गुजर रहे हैं. 61 कैवेलरी देश की सबसे पुरानी पलटन में से हैं और इन्हें कई सैन्य सम्मानों से नवाजा जा चुका है.
  • कर्तव्य पथ पर फ्रांस की सेना का कदमताल, राष्ट्रपति को दी सलामी: भारत के सर्वोच्च सैन्य पदक विजेताओं के बाद अतिथि देश फ्रांस की सेना की टुकड़ी कदमताल कर रही है. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 75 वे गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि हैं.
  • राष्ट्रपति को दी परवीर चक्र, अशोक चक्र और महावीर चक्र विजेताओं ने सलामी: परेड कमांडर की सलामी के बाद गैलेंट्री अवॉर्ड्स विजेता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सामने से गुजरते हुए उन्हें सलामी दे रहे हैं. इस दौरान देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मान विजेता सैनिक कर्तव्य पथ पर राष्ट्रपति के सामने से गुजरते हैं. परमवीर चक्र, महावीर चक्र और अशोक चक्र अपने क्रम में निकल रहे हैं.
  • शंख, ढोल और मृदंग के साथ कर्तव्य पथ पर परेड शुरू: शंख, ढोल और मृदंग के साथ कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस की परेड शुरू हो गई है. हेलिकॉप्टर द्वारा पुष्प वर्षा कर परेड का स्वागत किया गया. परेड कमांडर जनरल भवनीश कुमार हैं जबकि उप कमांडर मेजर जनरल सुमित मेहता हैं.
  • तिरंगे की सलामी के साथ हुआ 75वें गणतंत्र दिवस की परेड का शुभारंभ: कर्तव्य पथ पर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तिरंगे को सलामी दी. इसी के साथ 75वें गणतंत्र दिवस की परेड का शुभारंभ होता है.
  • चीफ गेस्ट मैक्रों के साथ पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू: राष्ट्रपति मुर्मू चीफ गेस्ट मैक्रों के साथ समारोह स्थल पर पहुंची जहां पीएम मोदी ने उनका ज़ोरदार स्वागत किया. राष्ट्रपति की बग्गी के दाहिने और रेजीमेंट के कमांडेडंट कर्नल अमित बेरवाल अपने घोड़े ग्लोरियस पर थे. वहीं बाईं ओर अपने घोड़े सुल्तान पर रेजीमेंट के सेकेंड-इन-कमान लेफ्टिनेंट कर्नल रमाकांत यादव थे. राष्ट्रपति की बग्घी की अगुवाई अपने घोड़े अर्जुन पर रिसालदार सुंदर सिंह तंवर ने किया.
  • राष्ट्रपति और मुख्य अतिथि समारोह के लिए हुए रवाना: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ विशेष बग्गी में सवार होकर गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति भवन से रवाना हो गई हैं. प्रधानमंत्री मोदी समारोह स्थल पर राष्ट्रपति और मुख्य अतिथि का स्वागत करेंगे.
  • प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे नेशनल वॉर मेमोरियल, शहीदों को दी श्रद्धांजलि: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बांधनी साफा बांधकर कर्तव्य पथ पर पहुंच गए हैं. यहां से वो सबसे पहले नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचे हैं. यहां वीर जवान ज्योति श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं.
  • कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा, स्वतंत्रता आंदोलन के सपनों को एक सूत्र में पिरोने वाला हमारा महान संविधान भारतीय गणतंत्र की आत्मा है. संविधान के मूल सिद्धांतों की रक्षा और उनके प्रति निष्ठा ही अमर स्वतंत्रता सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि है. सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं, जय हिंद.
  • कांग्रेस प्रमुख खड़गे ने कर्नाटक में फहराया तिरंगा: कांग्रेस पार्टी के प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने 75वें गणतंत्र दिवस के मौके कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर पर झंडा फहराया. इस दौरान उनके साथ राज्य के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार मौजूद रहे.
  • सीएम अरविंद केजरीवाल ने दी बधाई: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘सभी देशवासियों को 75वें गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएँ. आइए हम सब मिलकर अपने संविधान की रक्षा की शपथ लें और अपने महान लोकतंत्र को और मज़बूत बनाएं.’
  • कर्तव्य पथ पर उमड़ी लोगों की भीड़: राजधानी दिल्ली में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है और कड़ाके की ठंड पड़ रही है लेकिन इन सबके बावजूद भी लोगों का जोश कम नहीं है. लोग सुबह से ही कर्तव्य पथ पर पहुंचने शुरू हो गए हैं और बड़ी संख्या में यहां लोगों की मौजूदगी देखी जा रही है. कुछ ही देर में प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में पहुंचेंगे.
  • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में फहराया तिरंगा: गणतंत्रता दिवस के मौके पर अलग-अलग राज्यों में भी जश्न मनाया जा रहा है. इस ख़ास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में झंडा फहराया. वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने आवास पर झंडा फहराया.
  • मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया झंडावंदन: मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद की कमान संभालने के बाद सीएम मोहन यादव ने पहली बार झंडावंदन किया. सीएम मोहन यादव उज्जैन के दशहरा मैदान में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में शामिल हुए. ये ऐसा पहला मौका है जब सीएम मोहन यादव ने उज्जैन में झंडा वंदन किया. वहीं, राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने भोपाल में तिरंगा फहराया.

 

  • 90 मिनट तक चलेगी परेड: राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10.30 बजे शुरू होगी और लगभग 90 मिनट की अवधि तक चलेगी. यह गणतंत्र दिवस समारोह प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पहुंचने के साथ शुरू होगा, जहां वह पुष्पांजलि अर्पित करके शहीद नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने में राष्ट्र का नेतृत्व करेंगे. इसके बाद प्रधानमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति परेड देखने के लिए कर्तव्य पथ के सलामी मंच पर जाएंगे.
  • देश की राजधानी में 70 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात: 75वें गणतंत्र दिवस समारोह के लिए पूरी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हर इलाके में 70,000 से अधिक कर्मी तैनात किये गये हैं. पुलिस ने यातायात व्यवस्था पर एक एडवाइजरी जारी की गई है. वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए विशेष रूप से मध्य दिल्ली में प्रतिबंध लगाए गए हैं. कर्तव्य पथ पर और उसके आसपास 14,000 कर्मियों को तैनात किया गया है, इस साल की परेड देखने के लिए कर्तव्य पथ पर करीब 77,000 आमंत्रित लोगों के आने की उम्मीद है.
  • ITBP ने वीडियो शेयर कर दी अपने अंदाज में शुभकामनाएं: इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस ने एक्स (पूर्व-ट्विटर) के जरिए एक वीडियो शेयर कर देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं. इस वीडियो में आईटीबीपी के जवान भारी बर्फबारी के बीच तिरंगा हाथ में लेकर सलामी देते हुए नजर आ रहे हैं.
  • भाजपा हेडक्वार्टर में जेपी नड्डा ने फहराया तिरंगा: 75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मुख्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने झंडा फहराया. उन्होंने देशवासियों को गणतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी हैं.
  • तिरंगे में रंगे बाबा महाकाल, उज्जैन मंदिर में कुछ यूं मनाया गया गणतंत्रता दिवस का जश्न: 75वें गणतंत्र दिवस के पर्व पर उज्जैन स्थित बाबा महाकाल मंदिर में शिवलिंग को तिरंगे के रंगों से सजाया गया है. भस्म आरती के बाद महाकाल मंदिर में शिवलिंग को तिरंगे झंडे से सजाया गया. देंखें वीडियो
  • भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री के तौर पर पहली बार फहराया झंडा: देशभर में गणतंत्रता दिवस का जश्न शुरू हो गया है. इस मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में झंडा फहराया. भजनलाल शर्मा पहली बार राजस्थान के मुख्यमंत्री बने हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री के तौर पर पहली बार झंडा अपने आवास पर ही फहराया.
  • संघ प्रमुख मोहन भागवत ने फहराया RSS मुख्यालय में तिरंगा: राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने 75वें गणतंत्रता दिवस के मौके पर नागपुर स्थित RSS मुख्यालय पर तिरंगा झंडा फहराया.
  • प्रधानमंत्री मोदी ने दी देशवासियों की गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं: 75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी हैं. पीएम मोदी ने इस मौके  पर ट्विटस (एक्स) पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'देश के अपने समस्त परिवारजनों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं. जय हिंद.'
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार शाम यानी 25 जनवरी को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देश के नाम अपना संबोधन दिया. इस 75 वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति ने कहा कि मैं देश को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देती हूं. कल के दिन हम संविधान के प्रारंभ का उत्सव मनाएंगे. संविधान की प्रस्तावना हम लोगों से शुरू होती है. ये शब्द हमारे संविधान के मूल भाव को रेखांकित करते हैं. लोकतांत्रिक व्यवस्था पश्चिमी लोकतंत्र की अवधारणा से कहीं अधिक पुरानी है, इसलिए भारत को ‘लोकतंत्र की जननी’ कहा जाता है. इस वीडियो के ज़रिये सुनिए उन्होंने आगे क्या कुछ कहा.


सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम-

गणतंत्र दिवस के इस ख़ास दिन के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है क्योंकि, नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस की परेड विजय चौक से शुरू होकर कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागन, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा वाले चौराहे, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग से होते हुए लाल किले तक पहुंचेगी.

इस परेड के दौरान आमजन को किसी भी तरह की परेशानी ना हो, इसका भी ख़ास ध्यान रखा जाएगा. अगर आप भी 26 जनवरी को दिल्ली में बाहर निकल रहे हैं तो एक बार इस नीचे दी गई फ़ोटो के ज़रिये नई एडवाइजरी को जरूर देख लें. जो दिल्ली पुलिस द्वारा जारी की गई है.

सुरक्षा के लिहाज से इस बार गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ तक पहुंचने के लिए कुल तीन लेयर की सुरक्षा से गुजरना होगा. खासतौर पर जूतों और जैकेट पर ख़ास नजर रखी जाएगी. गणतंत्र दिवस समारोह में कर्तव्य पथ तक पहुंचने के लिए लोगों को एक नहीं, बल्कि फ्रिस्किंग के तीन लेयर से गुजरना होगा. इस दौरान सीसीटीवी कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मियों को भी हिदायत दी गई है कि वो लोगों पर पूरी तरह नजर बनाए रखें.

सुबह से ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रहने का आदेश जारी कर दिया गया है. परेड में आईं झांकियों से लेकर परिसर के कोने-कोने पर नज़र रखने की तैयारी है. इस समारोह स्थल से 5 किमी के दायरे को हाई रिजोल्यूशन कैमरे से लैस किया गया है. जिसके माध्यम से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के प्रत्येक मूवमेंट पर नजर रखी जा रही हैं.