उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित रबूपुरा गांव में एक बार फिर हलचल तेज है। पाकिस्तान से सचिन मीणा के प्रेम में पड़कर नेपाल के रास्ते भारत आने वाली सीमा हैदर की पूरी कुंडली खंगाली जा रही है। पिछले तीन दिनों से सीमा से पूछताछ की गई। सीमा के साथ-साथ सचिन मीणा और उसके पिता नेत्रपाल से भी पूछताछ की गई है। 

हालांकि सीमा हैदर के पाकिस्तानी खुफिया एजेंट को लेकर कोई ठोस सबूत नहीं मिल पाया है। मगर पूछताछ के बाद अब सीमा का दर्द छलका है। उसने सचिन के घर वापस लौटने के बाद मीडिया के सामने कहा कि मैं पाकिस्तान वापस गई तो मर जाऊंगी, मेरी मौत निश्चित है। अगर मैं दोषी पाई जाती हूं तो यहां जो सजा देंगे, कबूल है। सरकार भले ही मुझे डिटेंशन सेंटर में रखे, मगर बच्चों और सचिन के साथ रखें। 

यूपी एटीएस की पूछताछ के बाद सीमा हैदर ने एक बार फिर पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ से गुजारिश की कि उसे भारत की नागरिकता दी जाए। उसने दुबई जाने के सवाल पर कहा कि मैं कनेक्टिंग फ्लाइट होने के कारण दुबई गई थी। नेपाल में होटल मैनेजर की ओर से लगाए गए आरोपों पर सीमा ने कहा कि वे झूठ बोल रहे हैं। मैंने वहां पर अपने पति का नाम सचिन बताया था। सीमा ने साफ तौर पर कहा कि अब मैं पहले हिंदू हूं।