भारत के मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा बीसीसीआई सचिव जय शाह को भेजा। जय शाह ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है। हाल ही में चेतन शर्मा का एक स्टिंग सामने आया था जिसके बाद यह माना जा रहा था कि वे इस्तीफ़ा दे सकते हैं। 

चेतन शर्मा इस स्टिंग ऑपरेशन में साफतौर पर टीम चयन के मसलों पर बातचीत करते नजर आए थे। वहीं उन्होंने विराट कोहली और पूर्व बीसीसीआई प्रेसिडेंट सौरव गांगुली के बीच हुए विवाद पर भी बड़े खुलासे किए थे।

बीसीसीआई ने हाल में चेतन को दूसरी बार चयन समिति का अध्यक्ष बनाया था। इससे पहले उन्हें ऑस्ट्रेलिया में खेले गए टी20 विश्वकप में भारतीय टीम के लचर प्रदर्शन के बाद हटा दिया गया था। चेतन शर्मा स्टिंग ऑपरेशन में  यह कहते नज़र आये थे कि बड़े खिलाड़ी 80 से 85 प्रतिशत फिट होने के बावजूद टीम में बने रहने के लिए इंजेक्शन लेते हैं। 

चेतन शर्मा ने यह आरोप भी लगाया था कि पूर्व कप्तान विराट कोहली और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली के बीच ईगो यानी कि अहंकार की लड़ाई थी। तभी से यह माना जा रहा था कि बीसीसीआई अब चेतन शर्मा का इस्तीफ़ा ले सकती है।