मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज इंदौर के सुपर कारिडोर मैदान में एक बड़े समारोह में महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और योजना की दूसरी किस्त की 1-1 हजार रुपए की राशि को सवा करोड़ महिलाओं के खाते में भेज दिया। यह मप्र की राजनीति में एक महत्वपूर्ण योजना बन गई है। फिर उन्होंने वादा किया कि बाद में 1000 रुपये से 3 हजार रुपये होंगे। 

उल्लेखनीय है कि विपक्षी दल कांग्रेस ने महिलाओं को सरकार बनने पर 15 सौ रुपए प्रतिमाह देने का वादा कर रखा है। इसके चलते चार महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में महिलाओं का समर्थन दोनों ही दलों के लिये बहुत अहम बन गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना सेना की सदस्यों को शपथ भी दिलाई। इससे पहले एयरपोर्ट से लेकर गांधी नगर चौराहा होते हुए सुपर कारिडोर स्थित कार्यक्रम स्थल तक रोड शो हुआ ।

अविवाहित को भी शामिल करने पर विचार

इधर शिवराज सरकार ने अब लाड़ली बहना योजना में 21 से 22 वर्ष आयुवर्ग की अविवाहित युवतियों को भी योजना में शामिल करने पर गंभीरता से विचार शुरू कर दिया है। सूत्रों का कहना है कि आर्थिक व अन्य पहलु ठीक रहे तो उन्हें भी प्रतिमाह एक हजार रुपये मिलने लगेंगे। 

शुरूआती कवायद में सामने आया है कि इस आयुवर्ग की प्रदेश में करीब 18 लाख महिला हैं। इनमें से केवल विवाहित बहनों को लाभ दिया जा रहा है, इससे लगभग आठ लाख बहनें लाभ से वंचित हो रही हैं क्योंकि योजना के तहत अविवाहित को लाभ देने का प्रावधान नहीं हैं। फिलवक्त 23 से 60 वर्ष की विवाहित महिलाओं को हजार रुपए महीना दिया जा रहा है। कई मंत्रियों ने 18 वर्ष की बहनों को भी योजना में शामिल करने की मांग उठाई है।