भोपाल. मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय चुनावों के दूसरे चरण के लिए आज काउंटिंग होगी. मतगणना सुबह 9 बजे से शुरु होगी. बुधवार को प्रदेश के 5 नगर निगमों के साथ 40 नगरपालिकाओं और 169 नगर परिषदों की मतगणना होगी. दूसरे चरण के चुनावों की काउंटिंग में प्रदेश के अनेक मंत्रियों, विधायकों, सांसदों के साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलना, कांतिलाल भूरिया, अजय सिंह व सज्जनसिंह वर्मा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है.
प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण की काउंटिंग 17 जुलाई को हुई थी. इसमें अधिकांश सीटों पर बीजेपी जीती थी. बुधवार को काउंटिंग के दौरान जहां सीएम शिवराजसिंह चौहान सीएम हाउस में ही रहेंगे वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ की अपने आवास पर ही रहकर स्थिति पर नजर रखेंगे. निर्वाचन आयोग के अनुसार काउंटिंग की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. नगर निगमों के साथ कुल 209 नगर पालिकाओं और नगर परिषदों के रिजल्ट भी शाम तक आ जाएंगे.