भोपाल: राज्य के विमानन विभाग ने नये स्टेट प्लेन की खरीदी के लिये रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल जारी कर दिया है। इसमें टेक्रिकल एवं फायनेन्शियल दोनों बिड खोली जायेंगी तथा चयनित कंपनी को प्लेन के प्रदाय के आदेश जारी कर दिये जायेंगे।
इससे पहले विमानन विभाग ने स्टेट प्लेन की खरीदी के लिये 6 जनवरी 2022 को एक्सप्रेशन ऑफ इन्ट्रेस्ट जारी किया था। इसमें चार कंपनियों ने अपने ऑफर दिये थे जिनमें गल्फ स्ट्रीम एयरोस्पेस सवानह जार्जिया ने जी 280, बाम्बरडियर एनिएशन कनाडा ने चेलेन्जर 3500, डेजाल्ट एविएशन पेरिस फ्रांस ने फाल्कन जेट 2000 एलएक्सएस तथा टेक्सट्रान एविएशन विचिटा केन्सास अमेरिका ने सेसना साईटेशन जनरेशन-2 एवं लेटीट्यूट जेट विमानों के ऑफर दिये थे।
लेकिन अब अंतिम रुप से प्लेन की ख़रीदी के लिये रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल जारी किया गया है जिसके अंतर्गत 12 मई 2022 तक बिड ऑनलाईन जमा की जा सकेगी तथा 13 मई 2022 को तकनीकी बिड खोली जायेगी। इसके बाद फायनेन्शियल बिड खोली जायेंगी जिसकी तिथि की सूचना शार्टल्स्टिेट कंपनियों को अलग से बताई जायेगी।
120 करोड़ का किया है बजट प्रावधान :
उल्लेखनीय है कि पिछली कमलनाथ सरकार के समय करीब साठ करोड़ रुपये में प्रापुलर वाला स्टेट प्लेन बी200 वीटी-एमपीक्यु खरीदा गया था जो बाद में पुन: आई शिवराज सरकार के समय 6 मई 2021 को ग्वालियर में लैंड करते वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। यह विमान अब सुधार योग्य नहीं रहा है इसलिये नया स्टेट प्लेन खरीदा जा रहा है जोकि प्रापुलर वाला न होकर जेट इंजन वाला होगा।
इसके लिये वर्तमान वित्त वर्ष में 120 करोड़ रुपयों का प्रावधान किया गया है। नया प्लेन खरीदने का अनुबंध करते समय फायनेन्शियल बिड में दी गई दर के अनुसार दस प्रतिशत राशि का भगुतान किया जायेगा तथा 80 प्रतिशत राशि का भुगतान विमान के स्वामित्व का हस्तांतरण करते समय किया जायेगा और शेष दस प्रतिशत राशि का भुगतान मप्र सरकार को विमान की सुरक्षिरत डिलिवरी के समय किया जायेगा। नया विमान इस साल के अंत तक डिलिवर हो सकेगा।