नई दिल्ली. इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मेंं ऋषभ पंत ने कमाल का खेल दिखाया. उनके जबर्दस्त प्रदर्शन के बल पर न केवल टीम इंडिया बुरी स्थिति से उबर गई बल्कि उन्होंने शानदार शतक बनाकर टीम को जीत भी दिलाई. उन्होंने इंग्लैंड के दौरे की शुरुआत बर्मिंघम टेस्ट में शतक बनाकर की थी और मैनचेस्टर वनडे में तूफानी शतकीय पारी खेल कर समापन किया। उनके इस प्रदर्शन ने आनेवाले मैचों के लिए इंडियन्स के लिए नई उम्मीद भी जगा दी है.
इसी साल अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में टी-20 वर्ल्ड कप होना है। इस फॉर्मेट में भी हमारे लिए पंत का रोल सबसे अहम साबित हो सकता है. टीम इंडिया के टॉप-3 ने अभी तक बहुत अच्छा खेल नहीं दिखाया है। विराट जरा भी फार्म में नहीं हैं और रोहित व धवन सहित अन्य बल्लेबाज भी ज्यादा असरकारक साबित नहीं हो रहे हैं. ऐसे में पंत से उम्मीदें तो बढ़ी ही हैं, उनकी जिम्मेदारी भी बढ़ती जा रही है.
हालांकि ऋषभ पंत इस बार आईपीएल में कुछ खास नहीं कर सके थे पर पिछले एक साल से तीनों फॉर्मेट को मिलाकर वे टीम इंडिया के बेस्ट बल्लेबाज साबित हुए हैं। 1 जुलाई 2021 से अब तक पंत ने 36 इंटरनेशनल मैचों में कुल 1287 रन बनाए हैं। इन रनों में तीन सेंचुरी भी शामिल हैं। दूसरे स्थान पर मौजूद रोहित शर्मा ने 29 मैचों में 1144 रन बनाए।
पंत को अपने इस प्रदर्शन का लाभ भी मिल रहा है. वे अब टीम इंडिया के सबसे ज्यादा कमानेवाले प्लेयर्स बनते जा रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल ऋषभ पंत की कुल कमाई करीब 25 करोड़ रुपए रही है.