टीम इंडिया के स्टार प्लेयर ऋषभ पंत का शुक्रवार को कार एक्सिडेंट के बाद देहरादून के मैक्स अस्पताल में इलाज चल रहा है। ऋषभ पंत की एमआरआई कराई गई है। जिसमें  ब्रेन और स्पाइन की रिपोर्ट सामान्य है। शनिवार को कुछ और स्कैन किये जा सकते हैं जिनकी रिपोर्ट के आधार पर ऋषभ को दिल्ली रेफर किए जाने पर कोई निर्णय होगा। 

ऋषभ पंत की प्रारंभिक रिपोर्ट में पाया गया है कि उनके घुटने और कलाई में चोट लगी है। पीठ में भी चोट है। सिर में दो स्थानों पर कट है। चोट कितनी गहरी है, इसके लिए एमआरआई टेस्ट कराया गया। अब टखने और घुटने का एमआरआई स्कैन कराया जाएगा। 

शुक्रवार को काफी ज्यादा दर्द होने के कारण इसे टाला गया था। पंत के घुटने और टखने पर चोट गहरी है। स्वैलिंग की समस्या थी। इसको देखते हुए डॉक्टरों ने इसके एमआरआई को शनिवार तक के लिए टाल दिया। 

मैक्स हॉस्पिटल में शुक्रवार से ही ऑर्थो विशेषज्ञ और प्लास्टिक सर्जन उनकी देखरेख और इलाज कर रहे हैं। लिगामेंट में फ्रैक्चर की बात बीसीसीआई की ओर भी कही गई है। 

बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक ट्विटर हेंडल पर जो मीडिया स्टेटमेंट जारी किया है उसके मुताबिक़- ऋषभ के माथे पर दो कट लगे हैं। उनके दाहिने घुटने में लिगामेंट फट गया है और उनकी दाहिनी कलाई, टखने, पैर के अंगूठे में भी चोट लगी है। उनकी पीठ पर रगड़ने की चोट लगी है। ऋषभ की हालत स्थिर बनी हुई है। 

बीसीसीआई ने यह भी बताया कि अब ऋषभ पंत को अब देहरादून के मैक्स अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है।  यहां उनका एमआरआई स्कैन किया जाएगा। बोर्ड ने बताया कि बीसीसीआई ऋषभ के परिवार और ऋषभ का इलाज कर रहे डॉक्टरों से लगातार संपर्क में है। बोर्ड इसका ध्यान रखेगा कि ऋषभ को सर्वोत्तम चिकित्सा देखभाल मिले। बीसीसीआई ने हर संभव सहायता की बात भी कही है।