पूर्व ऑलराउंडर रोजर बिन्नी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के 36वें अध्यक्ष बन गए हैं। बिन्नी को मंगलवार को बोर्ड की AGM में अध्यक्ष चुना गया। बिन्नी सौरव गांगुली की जगह लेंगे। BCCI की AGM मुंबई के ताज होटल में संपन्न हुई। बैठक में सचिव जय शाह, पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, कोषाध्यक्ष अरुण सिंह धूमल और रोजर बिन्नी भी मौजूद थे। बिन्नी पहले एंग्लो-इंडियन अध्यक्ष है, साथ ही 83 विश्व कप के हीरो रहे थे।
67 वर्षीय बिन्नी बीसीसीआई अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे। उन्होंने निर्विरोध चुनाव जीता। बिन्नी अपने पिछले कार्यकाल में कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष थे और अब BCCI अध्यक्ष बनने के बाद वे राज्य निकाय से इस्तीफा देंगे।
टीम इंडिया के लिए खेलने वाले पहले एंग्लो-इंडियन
67 वर्षीय रोजर बिन्नी भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ियों में से एक हैं। उनका जन्म बैंगलोर, कर्नाटक में हुआ था। बिन्नी भारतीय क्रिकेट टीम में खेलने वाले पहले एंग्लो-इंडियन खिलाड़ी थे। कर्नाटक टीम के लिए रोजर बिन्नी ने 1977 में केरल के खिलाफ 211 रन बनाए थे। इसके बाद वे घरेलू क्रिकेट में फेमस होने लगे। एक ऑलराउंडर के रूप में बिन्नी ने 1979 में बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ राष्ट्रीय टीम के लिए खेलना शुरू किया था। उन्होंने भारतीय टीम के लिए 27 टेस्ट और 72 वनडे मैच खेले हैं। रोजर बिन्नी ने अपना आखिरी मैच 9 अक्टूबर 1987 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।
बिन्नी ने मुंबई में पाकिस्तान के खिलाफ अपने तीसरे टेस्ट की पहली पारी में शुरुआती ओवरों में माजिद खान, जहीर अब्बास और जावेद मियांदाद को आउट किया। उनकी शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने 131 रन से मैच जीत लिया।
रोजर बिन्नी 1983 में भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा थे। उन्होंने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। बिन्नी वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे उन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान 18 विकेट लिए थे।
रोजर बिन्नी भारतीय क्रिकेट में कई पदों पर रह चुके हैं। वर्ष 2000 में, बिन्नी के भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम के कोच रहते हुए टीम ने विश्व कप जीता। इसके बाद बिन्नी 2007 में पश्चिम बंगाल टीम के मुख्य कोच बने। रोजर बिन्नी कर्नाटक क्रिकेट संघ की प्रबंधन टीम का हिस्सा होने के बाद 2012 में भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ता बने।
रोजर बिन्नी के बाद उनके बेटे स्टुअर्ट बिन्नी भी उनके नक्शे कदम पर चल पड़े। स्टुअर्ट बिन्नी ने अपने पिता की तरह ही एक ऑलराउंडर के रूप में अपना क्रिकेट करियर बनाया है। स्टुअर्ट बिन्नी आईपीएल में मुंबई, बैंगलोर और राजस्थान के लिए खेल चुके हैं। इसके अलावा स्टुवर्ट ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 6 टेस्ट, 14 वनडे और 3 टी20 मैच भी खेले हैं।