इंदौर में खेले गए तीसरे T-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टीम इंडिया को करारी शिकस्त दी। हालांकि सीरीज पर भारत ने पहले ही कब्जा कर लिया था लेकिन सीरीज में जीत के बाद भी टीम इंडिया के प्रदर्शन पर सवाल उठ रहे हैं। 

T-20 वर्ल्डकप से पहले टीम इंडिया की यह आखिरी सीरीज थी लेकिन वर्ल्डकप से पहले तक न तो टीम मैनेजमेंट अपनी प्लेइंग इलेवन को लेकर आश्वस्त दिखा और न ही बैटिंग ऑर्डर को लेकर। गेंदबाजों का प्रदर्शन तो सबसे ज्यादा चिंता की बात दिख रही है।  

दक्षिण अफ्रीका ने पहले मुकाबले में अपनी लचर बल्लेबाजी से तत्काल सबक लेकर लगातार दो बार भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ 20 ओवरों में 200 से ज्यादा स्कोर बनाया। तीसरे मुकाबलों में टीम इंडिया की तेज गेंदबाजी की कमान उमेश यादव, हर्षल पटेल और मोहम्मद सिराज के हाथ थी। 

तीनों ही गेंदबाज बेहद मंहगे साबित हुए। तीनों ने मिलकर 11 ओवर में 127 रन दिए और एक विकेट हासिल किया। एक और संयोग था कि ये तीनों ही गेंदबाज आईपीएल में विराट की कप्तानी वाली आरसीबी का हिस्सा हैं। 

तीनों का प्रदर्शन देख सोशल मीडिया में यह तक कहा गया कि अब पांच बार आईपीएल जीतने वाले रोहित शर्मा को समझ आ गया होगा कि विराट कोहली की आरसीबी अब तक एक बार भी आईपीएल क्यों नहीं जीत पाई- 

गौरतलब है कि इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे और अंतिम T-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत को 49 रन से हराया। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट पर 227 रन बनाये थे। जवाब में भारतीय टीम निर्धारित 18.3 ओवरों में 178 रन ही बना सकी थी। यह 2017 के बाद पहला मौक़ा है जब भारत घरेलू धरती पर लक्ष्य का पीछा करते हुए कोई T-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच हारा है।