कोरोना को हराकर मैदान में वापसी करने वाले रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले T-20 मुकाबले में ही इतिहास रच दिया। इंग्लैंड पर आसान जीत के साथ ही रोहित शर्मा अब दुनिया के पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं जिनकी कप्तानी में टीम लगातार 13 T-20 मुकाबले जीती है। 

जीत के इस सिलसिले में रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज को द्विपक्षीय सीरीज में एकतरफा पटकनी दी है। रोहित शर्मा अब अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को 29 मैचों में से 25 में जीत दिला चुके हैं। 

इस मुक़ाबले में रोहित शर्मा ने एक और नया मुक़ाम हासिल किया। बतौर कप्तान विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी के बाद इंटरनेशनल मुकाबलों में 1000 रन बनाने वाले तीसरे कप्तान बन गए हैं। 

गौरतलब है कि भारतीय टीम ने पहले T-20 में इंग्लैंड को करारी मात दी है। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 198 रन बनाए थे और जवाब में इंग्लैंड की टीम को 19.3 ओवर में केवल 148 रन पर ही रोक दिया था। भारत के लिए हार्दिक ने दोहरा प्रदर्शन करते हुए पहले 51 रन बनाए और गेंदबाज़ी करते हुए 4 विकेट भी लिए।