ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ तीन मैचों की श्रृंखला के पहले वनडे में कप्तान रोहित शर्मा नहीं खेल पाएंगे। रोहित शर्मा पारिवारिक कारण से 17 मार्च को मुंबई में होने वाले इस मुकाबले में शामिल नहीं हो पाएंगे। रोहित की अनुपस्थिति में उपकप्तान हार्दिक पंड्या टीम का नेतृत्व करेंगे।

उम्मीद जताई जा रही है कि रोहित दूसरे वन डे में टीम के साथ जुड़ जाएंगे। रोहित के स्थान पर ईशान किशन या केएल राहुल बतौर ओपनर शुबमन गिल का साथ दे सकते हैं। हालाँकि ईशान किशन के प्लेइंग इलेवन में चुने जाने की ज्यादा संभावना होगी। 

वहीं बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी के अंतिम दो टेस्ट के लिए भी टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। साथ ही किसी भी खिलाड़ी को उपकप्तान नामित नहीं किया है। अभी तक केएल राहुल दो टेस्ट में उपकप्तान थे लेकिन ख़राब फ़ॉर्म को देखते हुए उन्हें उप कप्तान घोषित नहीं किया गया है। 

ऐसे में अब राहुल के लिए तीसरे टेस्ट में जगह बरक़रार रखना मुश्किल हो सकता है। राहुल ने  पिछले पांच टेस्ट में महज़ 13 की औसत और 23 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ सिर्फ़ 117 रन बनाए हैं।