RRTS Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देशवासियों को एक बड़ी सौगात दी हैं. देश को पहली रैपिड एक्स (RapidX) ट्रेन मिल गई है. पीएम ने आज दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ RRTS (रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) कॉरिडोर के 17 KM लंबे पहले फेस का उद्घाटन किया. इसी दौरान उन्होंने RapidX ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और उसमें सफ़र भी किया.

यह दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर 82 km लंबा है. जो गाजियाबाद, मुरादनगर और मोदीनगर से गुजरते हुए 1 घंटे से कम समय में दिल्ली को मेरठ से जोड़ेगा. हालांकि, अभी प्रधानमंत्री ने सिर्फ पहले फेज में साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक 17 KM के कॉरिडोर का ही उद्घाटन किया. पहले फेज में सिर्फ 5 साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई और दुहाई डिपो स्टेशन शामिल होंगे.

आज उद्घाटन के बाद यह सुविधा यात्रियों के लिए कल 21 अक्टूबर से शुरू हो जाएगी. हालांकि, अभी ये ट्रेन साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक ही चलेगी. इसकी ख़ास बात यह हैं कि RapidX ट्रेन 160 km प्रति घंटे की स्पीड से ट्रैक पर दौड़ेगी. इसकी अधिकतम स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटे है.

यह पूरा दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ RRTS प्रोज़ेक्ट करीब 30,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया जा रहा है. इसका काम 2025 तक लगभग पूरा हो जायेगा. अगर हम इस ट्रेन के किराये से लेकर बैठक व्यवस्था की बात करें तो रैपिड एक्स ट्रेनों के लिए टिकट का सिस्टम मेट्रो की तरह ही होगा.

यानी, स्टेशनों पर टिकट काउंटरों, टिकट वेंडिंग मशीनों से टिकट खरीदा जा सकता है. वहीं, यह ट्रेन सुबह 06:00 बजे से रात 11:00 बजे तक चलेगी. जो सभी स्टेशन पर हर 15 मिनिट में मिलती रहेगी. रैपिड एक्स ट्रेन का किराया अभी 20 रुपये से 100 रुपये तक होगा.

इसमें अलग-अलग क्लास बनाई गई हैं, जैसे स्टैंडर्ड क्लास और प्रीमियम क्लास. जिसमें स्टैंडर्ड क्लास का किराया 50 रुपए और प्रीमियम क्लास का 100 रुपये होगा. बता दें कि यह किराया साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक का है. इस ट्रेन में 6 डिब्बे रहेंगे, जिनमें लगभग 1700 यात्री एक साथ यात्रा कर सकते हैं.

सुविधाओं के नजरिये से देखे तो इस ट्रेन को सुरक्षित और आरामदायक बनाने के लिए एर्गोनॉमिक रूप से डिजाइन किया गया है. जिसमें 2x2 ट्रांसवर्स सीट, खड़े होकर यात्रा करने के लिए पर्याप्त स्थान, लगेज रैक, सीसीटीवी कैमरे, लैपटॉप, मोबाइल चार्जिंग सुविधा, डायनेमिक रूट मैप, जैसी कई सुविधाएं होंगी.

क्यों बनाई RapidX ट्रेन?

देश में रीजनल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) परियोजना बनाई गई है. जो एक नई रेल-आधारित, सेमी हाई स्पीड, हाई फ्रीक्वेंसी वाली कंप्यूटर ट्रांजिट प्रणाली है. यह दिल्ली एनसीआर के लोगों को क्षेत्र में निर्बाध रूप से यात्रा करने की सुविधा प्रदान करेगा.