CBI Raid: सीबीआई ने तीन लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए गोरखपुर स्थित रेलवे के प्रिंसिपल चीफ मटेरियल मैनेजर और 1988 बैच के IRSS अधिकारी केसी जोशी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है.
एक ठेकेदार की शिकायत पर सीबीआई ने मंगलवार को ये कार्रवाई की हैं. ख़बरों के अनुसार, गोरखपुर रेलवे कार्यालय में मंगलवार को सीबीआई ने छापेमारी की. इस दौरान सीबीआई ने NE रेलवे गोरखपुर में तैनात केसी जोशी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ दबोचा.
इसके बाद गोरखपुर और नोएडा स्थित उनके आवास पर देर रात तक तलाशी अभियान चलाया गया. ANI के मुताबिक, इस तलाशी अभियान में उनके घरों से करीब 2.61 करोड़ रुपए बरामद हुए हैं. सीबीआई की लखनऊ टीम ने मंगलवार देर रात उन्हें गिरफ्तारी किया. फिर भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत केसी जोशी के खिलाफ केस दर्ज किया गया.
सीबीआई ने यह कार्रवाई प्रणव त्रिपाठी की शिकायत पर की है. केसी जोशी ने जेम पोर्टल से कंपनी का रजिस्ट्रेशन रद्द करने की धमकी देते हुए सात लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी. प्रणव को जनवरी में जेम पोर्टल के जरिये नॉर्थ ईस्ट रेलवे में तीन ट्रकों की आपूर्ति का ठेका मिला था, लेकिन अधिकारी जोशी लगातार धमकी दे रहा था कि उनका पंजीकरण रद्द कर दिया जाएगा.
बता दें कि इस जेम पोर्टल से सरकार उत्पादों और सेवाओं की खरीद करती है. कल गिरफ्तारी के बाद आज केसी जोशी को कोर्ट में सीबीआई ने पेश किया है.