राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ 'RSS' ने 'हर घर तिरंगा' अभियान को तेजी देने का काम किया है। RSS ने शनिवार को अपने कार्यालय में तिरंगा फहराने का एक वीडियो जारी किया। जिसमें आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत तिरंगा फहराते हुए नज़र आ रहे हैं। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा- स्वाधीनता का अमृत महोत्सव मनाएँ, हर घर तिरंगा फहराएँ, राष्ट्रीय स्वाभिमान जगाएँ।

इससे पहले संघ ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर तिरंगे की डीपी लगाई थी। इसके साथ ही मोहन भागवत ने अपनी प्रोफाइल पिक्चर भी बदल ली और तिरंगा लगाया है। संघ के नेताओं ने भी सभी से "हर घर पर तिरंगा अभियान" में शामिल होने की अपील की है।

हाल ही में पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर सभी से अपनी डीपी बदलने और तिरंगा लगाने की अपील की थी। इसके बाद से ही पीएम समेत कई मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, विपक्षी नेताओं और आम लोगों ने अपनी डीपी पर तिरंगे की फोटो लगाई।

देशभर में आज से तिरंगा अभियान शुरू हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी आज अपने बंगले की छत पर तिरंगा लहराते दिखे। साथ ही देशभर में तिरंगा यात्राएं भी निकाली जा रही है।