भोपाल: अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहने वाले बालाघाट विधायक और अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने बालाघाट आरटीओ अनिमेष गढ़पाले को सार्वजनिक रूप से न केवल गालियां दी, बल्कि उसे फांसी पर चढ़ा देने की धमकी भी दे डाली।

इसका वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पूर्व मंत्री बिसेन लाल-पीले होते नजर आ रहे हैं। पहले उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता को खरी-खोटी सुनाई और फिर बोले, कहां गया आरटीओ सुन ले...! आज के बाद कोई गाड़ी ज्यादा रफ्तार में चली तो तेरे को... फांसी पर चढ़ा दूंगा...!! खोर... (गंदी गाली)। यह सुनकर बैठक में मौजूद सभी लोग अवाक रह गए।

कुछ देर बैठक में सन्नाटा छाया रहा। इसके बाद पूर्व मंत्री ने कहा कि आगे से गड़बड़ी की शिकायत न मिले। हुआ यह कि पूर्व मंत्री से जुड़ा यह मामला जिले के लालबर्रा थाने में हुई एक बैठक का है। यहां सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत के बाद गुरुवार को थाने में बैठक हुई थी।

बैठक में पूर्व मंत्री बिसेन, लालबर्रा तहसीलदार रामबाबू देवांगन, थाना प्रभारी, आरटीओ अनिमेष गढ़पाले, ​स्थानीय भाजपा नेता, ग्रामीण व मृतका के परिजन सहित बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद थे। थाने में बैठक के दौरान मृतक परिवार की महिला ने पूर्व मंत्री को बताया कि एक्सीडेंट में मौत के बाद सूरत से भाई आ गया किंतु पुलिसवाले नहीं पहुंचे।

उसके बाद वहां मौजूद एक भाजपा कार्यकर्ता ने कहा कि परिवहन नियम बताते हुए कहा कि गांव के रास्ते में 20 की स्पीड से किंतु गाड़ियां 100 की स्पीड से चलती हैं। पुलिस वाले चालान नहीं बनाते, वे 50-100 रुपए ले लेते हैं। इस पर पूर्व मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ता से कहा कि तुम पार्टी के होकर ऐसा क्यों बोल रहे हो।

इस पर भाजपा कार्यकर्ता और पूर्व मंत्री के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। यही नहीं गुस्से से लाल-पीले हुए पूर्व मंत्री भाजपा कार्यकर्ता की ओर आगे बढ़े। इस पर कार्यकर्ता ने कहा- मैं किसी से नहीं डरता, क्षेत्र में यही चल रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने भाजपा कार्यकर्ता को समझाया, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा। इस पर पूर्व मंत्री आपा खो बैठे। उन्होंने मौके पर मौजूद अफसरों और ग्रामीणों पर नाराजगी जताई।

पूर्व मंत्री ने आगे कहा- आप लोग भी तेज गति से गाड़ी चलाते हैं। 60 प्रतिशत से ज्यादा लोगों के पास लाइसेंस नहीं है। आप लोग फालतू की बातें करते हो। एक भी बाइक वाला नियम से नहीं चलता। यहां जांच होती है, पुलिस वाले पैसे ले लेते हैं।