भोपाल गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित #runforpride में बुधवार को भोपालवासी जमकर दौड़े। सीएम शिवराज ने इस रन फॉर प्राइड को राजा भोज की प्रतिमा वीआईपी रोड से झंडी दिखाकर रवाना किया। बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए।
शाम को पूरे शहर में रोशनी की जाएगी और सड़कों व चौराहों पर विशेष सज्जा की जाएगी। कलेक्टर आशीष सिंह ने भोपाल वासियों से अपील की है कि भोपाल गौरव दिवस हर भोपालवासी के लिए गौरव और अपार हर्ष का विषय है तो आइए हम आप सब मिलकर इस ऐतिहासिक गौरव दिवस को उत्साह, खुशी और उत्सव के रूप में मनाएं।
उन्होंने कहा कि भोपाल का हर कोना जगमग हो ये हम सबकी सहभागिता से ही होगा आप सभी से अपेक्षा है कि हम सब इस विशेष दिन 01 जून के पूर्व संध्या पर अपने परिसर अपने संस्थान को रोशनी और रंगो से सजाएं। गौरव महोत्सव दिवस के अंतर्गत कार्यक्रमों में 01 जून को शाम 6.30 बजे मोतीलाल नेहरू स्टेडियम भोपाल में भव्य सांस्कृतिक संध्या का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
भोपाल गौरव दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा बिट्टन मार्केट, भोपाल में पांच दिवसीय भोज फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है जिसमें भोपाल के प्रमुख प्रतिष्ठानों के द्वारा लजीज व्यंजनों का प्रदर्शन किया जायेगा। आमजन के खान-पान में मिलेट (श्री अन्न) को बढ़ावा देने के भारत सरकार की मंशा को दृष्टिगत रखते हुये मिलेट मेला में रागी, ज्वार, बाजरा, कोदो, कुटकी, सवा आदि के स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रदर्शन किया जायेगा ।