कैरेबियाई ऑलराउंडर आंद्रे रसेल की बल्लेबाजी से हर कोई अच्छी तरह वाकिफ है। उनकी धुआंधार पारी का नजारा सिक्स्टी टूर्नामेंट में देखने को मिला है। वेस्टइंडीज की घरेलू लीग में ट्रिनबैगो नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए रसेल ने महज 24 गेंदों में 72 रन बना डाले। इस दौरान जो सबसे खास बात रही वह यह थी कि उन्होंने सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ लगातार छह छक्के लगाए। मैदान में उपस्थित लोग यह नजारा देख जश्न में डूब गए।

आंद्रे रसेल का यह आक्रामक अवतार सातवें ओवर में देखने को मिला। सेंट किट्स के लिए सातवां ओवर डोमिनिक ड्रेक लेकर आए। रसेल ने ड्रेक के इस ओवर की तीसरी, चौथी, पांचवीं और छठी गेंद पर लगातार छक्के लगाए। इसके बाद आठवां ओवर लेकर जॉन रस जग्गेजार आए। उनकी शुरुआती दो गेंदों पर भी उन्होंने लगातार दो छक्के जड़े। इसके साथ ही रसेल क्रिकेट के इतिहास में छह गेंद पर लगातार छह छक्के लगाने वाले कुछ चुनिंदा खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं।

इस मुकाबले के बारे में तो ट्रिनबैगो नाइट राइडर्स की टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के सामने 60 गेंदों में 5 विकेट के नुकसान पर 156 रनों का लक्ष्य रखा था। इस टारगेट का पीछा करते हुए सेंट किट्स की टीम निर्धारित ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 152 रन ही बना सकी।