नई दिल्ली: भारतीय वायु सेना ने पूर्वी यूक्रेन के युद्धग्रस्त शहरों से भारतीय छात्रों को निकालने के लिए दो IL-76 सैन्य परिवहन विमान तैनात किए हैं। अब इन छात्रों को रूस की राजधानी मास्को के रास्ते भारत लाया जाएगा। वायु सेना के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि पूर्वी यूक्रेन के शहरों में भीषण लड़ाई चल रही है, फंसे हुए भारतीय यूक्रेन की पश्चिमी सीमा तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।

अधिकारियों ने कहा कि, भारतीय वायु सेना रूसी सैनिकों की मदद से उन्हें मास्को के रास्ते निकालने पर विचार कर रही है। भारत यूक्रेन के पश्चिमी पड़ोसियों, रोमानिया, स्लोवाकिया, पोलैंड और हंगरी के माध्यम से अपने नागरिकों को निकाल रहा है, क्योंकि यूक्रेन का हवाई क्षेत्र रूसी हमलों के कारण 24 फरवरी से बंद है।

जानकारी के अनुसार, दो आईएल-76 विमान तैयार हैं। अब जल्द ही विमान तुरंत मास्को के लिए उड़ान भर सकेंगे और भारतीयों को निकाल का पूरा प्रयास करेंगे। भारतीय वायुसेना अब तक सात उड़ानों में यूक्रेन के पश्चिमी पड़ोसी देश से कुल 1,428 भारतीयों को निकाल चुकी है। वायुसेना सी-17 विमान से भारतीयों को स्वदेश भेज रही है। रोमानिया और हंगरी से हिंडन एयरबेस के लिए यूक्रेन में फंसे 630 भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए भारतीय वायु सेना ने गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक तीन उड़ानें संचालित कीं। सरकारी आकड़ो के अनुसार, अब तक करीब 11,000 छात्र स्वदेश आ चुके हैं।