यूक्रेन में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई है। छात्र की मौत का कारण रूसी गोलीबारी बताया जा रहा है। भारतीय छात्र खार्किव में गोलीबारी में मारा गया। खार्किव में जान गंवाने वाले छात्र का नाम नवीन शेखरप्पा है। 21 वर्षीय नवीन कर्नाटक के चालगेरी का रहने वाला था। उन्होंने 2 दिन पहले अपने परिवार से वीडियो कॉल पर बात की थी।

विदेश मंत्रालय ने की मौत की पुष्टि :

विदेश मंत्रालय (MEA) ने ट्वीट कर इस मामले पर खेद जताया है। विदेश मंत्रालय ने ट्वीट किया कि आज सुबह खार्किव में एक भारतीय छात्र की गोलीबारी में मौत हो गई। मंत्रालय उनके परिवार के संपर्क में है। हम परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।

भारत ने रूस और यूक्रेन के राजदूतों से मांगा स्पष्टीकरण :

नवीन खार्किव में एक बंकर में छिपा था। जरूरी काम होने पर वह बाहर निकल रहा था। तभी वह एक गोलीबारी में मारा गया। भारत ने घटना के बाद रूस और यूक्रेन के राजदूतों से स्पष्टीकरण मांगा है। इसके साथ ही भारत ने यूक्रेन के फंसे हुए नागरिकों को जल्द से जल्द निकालने की प्रतिबद्धता जताई है।

भारतीय वायु सेना हुई सक्रिय :

यूक्रेन पर रूस के हमले के मद्देनजर, प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय वायु सेना से पूर्वी यूरोपीय देश में फंसे भारतीयों को बचाने के लिए काम करने को कहा है। सूत्रों के मुताबिक यूक्रेन में फंसे भारतीयों को बचाने के लिए चल रहे ऑपरेशन गंगा के तहत वायुसेना सी-17 विमान तैनात कर सकती है।

भारतीय छात्रों के लिए जारी की गई एडवाइजरी :

इस बीच, यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने मंगलवार को छात्रों सहित सभी भारतीयों को निर्देश दिया कि वे आज ट्रेन या किसी अन्य उपलब्ध माध्यम से तुरंत कीव छोड़ दें। दूतावास ने ट्वीट किया कि छात्रों सहित सभी भारतीयों को आज तुरंत कीव छोड़ने की सलाह दी जाती है। वे उपलब्ध ट्रेन या किसी अन्य उपलब्ध माध्यम से पड़ोसी सीमा पर पहुचें।