अपने शुरूआती मुकाबलों को जीतने के बाद इंडिया लीजेंड्स बुधवार यानि कि आज कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज 2022 के मैच नंबर छह में वेस्टइंडीज लीजेंड्स के साथ मुकाबला करेगा। वेस्टइंडीज लीजेंड्स ने अपने सीजन के पहले मैच में बांग्लादेश पर 9 विकेट की जीत दर्ज की थी।

वहीं कप्तान ब्रायन लारा के आने से टीम को और भी मजबूती मिलेगी। लारा कुछ निजी कारणों से शुरूआती मैच में नहीं खेल सके थे वे सीरीज़ का हिस्सा बनने के लिए सोमवार को ही कानपुर आए हैं।

सचिन तेंदुलकर की कप्तानी में इंडिया लीजेंड्स टीम ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका लीजेंड्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच में 61 रन से बड़ी जीत हासिल की है।  पिछली बार की चैंपियन टीम ने अपने पिछले मैच में सभी विभागों में अच्छा प्रदर्शन किया, क्योंकि उनकी बैंटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग बेहतर रही थी।

हालांकि तेंदुलकर और नमन ओझा की सलामी जोड़ी इंडिया लीजेंड्स को पावरप्ले में एक अच्छी शुरूआत देने में नाकाम रही और दक्षिण अफ्रीका लीजेंड्स के खिलाफ जल्दी आउट हो गई। वहीं कहा जा रहा है, कि स्टुअर्ट बिन्नी और युसूफ पठान डेथ ओवर्स में अपनी विस्फोटक हिटिंग स्किल्स से वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के लिए खतरा बन सकते हैं।

भारत का बॉलिंग सीक्वेंस भी काफी संतुलित दिख रहा है, क्योंकि उनके पास इरफान पठान, मनप्रीत गोनी और मुनाफ पटेल के रूप में एक अच्छी आक्रामक टीम है, जबकि स्पिनर्स के तौर पर प्रज्ञान ओझा और राहुल शर्मा की उपस्थिति टीम के लिए काफी इफेक्टिव रहेगी।

वेस्टइंडीज लीजेंड्स जो बांग्लादेश पर बड़ी जीत हासिल कर चुके हैं, वो भी अपने शुरूआती मैच के अपने प्रदर्शन को दोहराने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
मैच जिताऊ हाफ सेंचुरी बनाने वावे कार्यवाहक कप्तान ड्वेन स्मिथ के साथ तेज गेंदबाज क्रिसमार सैंटोकी और डैरेन पॉवेल मेजबान टीम के खिलाफ मजबूत प्रदर्शन की कोशिश करेंगे।

बता दें कि पहले सीजन में इंडिया लीजेंड्स ने वेस्टइंडीज लीजेंड्स को 12 रन से हराया था। इन दोनों टीमों के बीच हुए 25 टी2-0 मैचों में से भारत ने 17 में जीत हासिल की है, जबकि वेस्टइंडीज को केवल 7 बार ही सफलता मिल सकी है वहीं 1 मैच बिना किसी नतीजे के खत्म हुआ था।