टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के लिए 24 फरवरी का दिन बेहद ख़ास है। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन के साथ ही मध्यप्रदेश के ग्वालियर के लिए भी आज का दिन यादगार हो गया था। 13 साल पहले आज के दिन ही  ग्वालियर के मैदान पर सचिन ने वन-डे क्रिकेट का पहला दोहरा शतक जड़ा था। 

सचिन की ये बेमिसाल पारी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आई थी। 24 फरवरी 2010 में सचिन वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज़ बने थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 13 साल पहले के उस ऐतिहासिक लम्हे को  शेयर किया है-

सचिन ने अपनी इस पारी में 147 गेंदों में 25 चौके और 3 छक्कों की मदद से 200 रनों की नाबाद पारी खेली थी।  इस पारी में उनका स्ट्राइक रेट 136.05 का रहा था।  सचिन तेंदुलकर मे अपने करियर में कुल 200 टेस्ट, 463 वनडे और 1 टी20 इंटरनेशनल मैच खेला है।  टेस्ट में उन्होंने 51 शतक और 68 अर्धशतक के साथ 15921 रन बनाए हैं। वहीं वनडे में उन्होंने 44.83 की औसत से 18426 रन बनाए हैं। इसमें 49 शतक और 96 अर्धशतक जड़े हैं। इसमें एक दोहरा शतक भी शामिल रहा है।