टीम इंडिया ने रांची टेस्ट में इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज अपने नाम कर ली है। सोमवार को चौथे दिन टीम इंडिया ने 192 रन के टारगेट को पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। इसके साथ टीम इंडिया सीरीज में 3-1 से अजेय बढ़त बना ली।
रांची टेस्ट में जीत के बाद सोशल मीडिया में जहाँ टीम इंडिया की तारीफों के पुल बांधे जा रहे हैं। टीम के प्रदर्शन से क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर भी गदगद नज़र आये। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज़ ध्रुव जोएल की जमकर तारीफ की साथ ही अन्य खिलाड़ियों के प्रदर्शन को भी सराहा।
सचिन ने X पर लिखा- भारत ने एक बार फिर दबाव की स्थिति से वापसी की और संघर्ष करते हुए मैच जीत लिया। यह हमारे खिलाड़ियों के चरित्र और मानसिक ताकत को दर्शाता है। सचिन ने आगे इस मुकाबले में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने लिखा आकाशदीप के लिए टेस्ट क्रिकेट में पहला स्पैल शानदार रहा। ध्रुव जोएल दोनों पारियों में लेंथ को समझने में बहुत अच्छे थे और उनका फुटवर्क भी सटीक था। कुलदीप के साथ पहली पारी में साझेदारी के दौरान उन्होंने हमें खेल में बनाए रखा और दूसरी पारी में उनकी पारी ने हमें जीत दिलाने में मदद की। दूसरी पारी में कुलदीप का स्पैल अहम था।
सचिन ने शुबमन गिल को भी सराहा। उन्होंने लिखा शुबमन गिल ने भी अपना काम किया। गिल ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी सहज प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने में शानदार जज्बा दिखाया और महत्वपूर्ण 50 रन बनाए। बहुत खुश हूं कि मैच के साथ-साथ सीरीज भी हमारी है।'
गौरतलब है कि रांची टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम ने भारत को जीत के लिए 192 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में टीम इंडिया की शुरुआत शानदार रही। रोहित शर्मा और यशस्वी जयसवाल ने मिलकर 84 रन जोड़े। इसके बाद टीम इंडिया की पारी लड़खड़ा गई और 120 रन तक पहुंचने से पहले ही भारतीय टीम ने 5 विकेट खो दिए। लेकिन शुभमन गिल और ध्रुव जुरेल ने पारी को संभाला और टीम को जीत दिलाई। शुभमन गिल ने नाबाद 52 रन बनाए। इसके साथ ही ध्रुव जुरेल ने भी 39 रनों की नाबाद पारी खेली। पहली पारी में भी 90 रनों की बेमिसाल पारी खेलने वाले ध्रुव प्लेयर ऑफ़ द मैच घोषित किये गए।