संसद भवन के बाहर राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ का मजाक उड़ाने का मामला गरमाता जा रहा है। इस मुद्दे पर पीएम मोदी ने सभापति जगदीप धनखड़  से बात की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति धनखड़ को फोन कर कहा कि आप आज जो सुन रहे हैं, मैं वह पिछले 20 साल से सुन रहा हूं। लेकिन ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।

राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ ने PM मोदी के साथ हुए संवाद को साझा किया है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने ट्वीट किया, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक टेलीफोन कॉल आया। उन्होंने कल पवित्र संसद परिसर में कुछ माननीय सांसदों द्वारा किये गये मजाक पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मुझे बताया कि वह पिछले बीस सालों से ऐसा अपमान सह रहे हैं। लेकिन यह भी सच है कि भारत के उपराष्ट्रपति जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के साथ भी ऐसा हो सकता है और वह भी संसद में, जो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। 

ट्वीट में आगे कहा गया, 'मैंने प्रधानमंत्री से कहा कि कुछ लोगों की ऐसी हरकतें मुझे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और हमारे संविधान में निहित सिद्धांतों को बनाए रखने से नहीं रोकेंगी। मैं उन मूल्यों के प्रति पूरे दिल से प्रतिबद्ध हूं। कोई भी अपमान मुझे अपने तरीके बदलने के लिए मजबूर नहीं करेगा। 

दरअसल, 90 से ज्यादा विपक्षी सांसदों को संसद के दोनों सदनों से निलंबित कर दिया गया था। विपक्षी सांसदों ने मंगलवार (19 दिसंबर) को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सदन की 'नकली कार्यवाही' भी हुई। कुछ सांसद संसद भवन के नए मकर गेट पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं, टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने राज्यसभा स्पीकर धनखड़ की नकल की। इस पूरी मिमिक्री को मौके पर मौजूद राहुल गांधी ने अपने मोबाइल में कैद भी कर लिया। इस हरकत को लेकर टीएमसी सांसद की हर तरफ आलोचना हो रही है।