भोपाल: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहां तमाम प्रशासनिक अफसरों के बीच उन्हें सुशासन और नवाचार से लेकर योजनाओं के क्रियान्वयन तक के बारे में 'पाठ' पढ़ाया। 

उन्होंने कहा कि एक कलेक्टर अपने जिले की तस्वीर बदल सकता है। इसके लिये नाम लेकर भी उन्होंने कुछ उदाहरण दिये और कहा कि प्रदेश की प्रगति, विकास और जनकल्याण में लोक सेवकों का महत्वपूर्ण योगदान है। 

प्रदेश को बीमारू राज्य से विकासशील राज्यों की पंक्ति में खड़ा करने में जिन लोक सेवकों ने योगदान दिया है। कोविड काल के दौरान भी अफसरों ने डटकर काम किया है लिहाजा, मैं सभी को प्रणाम करता हूं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिविल सेवा, मात्र करियर नहीं यह देश के निर्माण और जनता की सेवा का अभियान है लोक सेवकों के पास देश बदलने, प्रदेश को बदलने और जनता की जिंदगी बदलने का सामर्थ्य है। 

लोक सेवक सदैव इस भाव के साथ कार्य करें कि सुधार की गुंजाइश हमेशा विद्यमान रहती है। वे कैपेसिटी बिल्डिंग की हर समय कोशिश करते रहे।

17 वे सिविल सेवा दिवस पर प्रशासन अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस सहित भोपाल में पदस्थ भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा, भारतीय वन सेवा, राप्रसे व रापुसे अफसर मौजूद थे।