इंडियन प्रीमियर लीग के आगाज के बाद भारत एक बार भी T-20 वर्ल्ड कप नहीं जीता है। सेमीफायनल में टीम इंडिया की हार के बाद भी आईपीएल को हार का जिम्मेदार बताया जा रहा था। भारत के लिए खलनायक बना आईपीएल अब इंग्लैंड के लिए नायक बनता दिख रहा है। इंग्लैंड को विश्व विजेता बनाने में आईपीएल की अहम भूमिका रही है। फाइनल के प्लेयर ऑफ़ द मैच और प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़ सैम करन का ताज़ा बयान भी कुछ यही दर्शा रहा है।
टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच के हीरो सैम करन ने आईपीएल को दमदार प्रदर्शन की अहम वजह बताया है। करन के मुताबिक़ आईपीएल ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़े मौके देने में मदद की। करन आईपीएल में पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए नजर आए हैं।
करन का कहना है कि आईपीएल 2022 में समय बिताकर बहुत अच्छा लगा। उन खिलाड़ियों से सीख कर बहुत अच्छा लगा जिन्होंने इस तरह के बड़े टूर्नामेंट्स में खेला है। मैं हमेशा ही कुछ नया सीखने और अपने प्रदर्शन में सुधार करने की कोशिश करता हूं।
करन ने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 4 ओवर में गेंदबाजी करते हुए महज 12 रन खर्च किए और तीन सफलता हासिल की। इस दौरान उनका इकानॉमी रेट 3 का रहा। वहीं यह टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। कारण ने पूरे टूर्नामेंट के 6 मुक़ाबालों में 13 विकेट झटके। इसके चलते ही उन्हें प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़ का खिताब दिया गया है।