भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वन विभाग की समीक्षा बैठक में अतिक्रमण से मुक्त वन भूमि पर ‘समृद्धि वन’ विकसित करने के निर्देश दिए हैं। इन वनों के लिए पृथक परियोजनाएं तैयार की जाएंगी और विशेष बजट प्रावधान भी किया जाएगा।

साथ ही, नगरीय सीमा से लगे क्षतिपूर्ति वनीकरण क्षेत्रों को ‘नमो वन’ के रूप में विकसित करने तथा सोन, बेतवा, चंबल, पार्वती और काली सिंध नदियों के पुनर्जीवन हेतु कैम्पा फंड से प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैतूल जिले में बन रहे वुडन क्लस्टर के कार्य में भी तेजी लाने को कहा गया है। बैतूल की सागौन विश्वप्रसिद्ध है और इसी सागौन से उच्च गुणवत्ता वाले फर्नीचर उद्योग को बढ़ावा देने की योजना बनाई जा रही है।