मुंबई. कई घंटों की लंबी पूछताछ के बाद शिवसेना सांसद संजय राउत को ईडी ने आधी रात को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद भी उन्होंने अपने तीखे तेवर बरकरार रखे. राउत को सोमवार दोपहर लंच के बाद पीएमएलए कोर्ट में पेश किया जाएगा. संजय राउत की गिरफ्तारी के बारे में भाई सुनील राउत ने जानकारी देते हुए कहा कि ईडी संजय राउत से डरती है, इसलिए गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक ईडी ने संजय राउत के घर से करीब 12 लाख रुपये भी जब्त किये हैं.

रविवार को ईडी सुबह 7 बजे राउत के घर पर पहुंची थी. शाम 4 बजे राउत को हिरासत में लिया था तब वे भगवा लहराते हुए घर से निकले थे.  इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय ने आधी रात यानी 12 बजे संजय की गिरफ्तारी दिखाई. रात करीब साढ़े 12 बजे संजय के भाई सुनील राउत ईडी दफ्तर पहुंचे. सुनील बाद में अपने साथ एक बैग लेकर वापस अंदर गए. राउत ने कहा है कि फर्जी दस्तावेज के सहारे पात्रा चॉल से जोड़ने की कोशिश हो रही है. यह गिरफ्तारी सिर्फ उनकी आवाज को दबाने के लिए की गई है. ईडी दफ्तर के बाहर कुछ शिवसैनिकों ने नारेबाजी भी की.