भोपाल. वन बल प्रमुख आरके गुप्ता ने भोपाल, रीवा, उज्जैन और छतरपुर मैं पदस्थ मुख्य वन संरक्षकों को निर्देशित किया है कि विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को संस्कृति वन को तैयार कर उसकी लांचिंग करें. गुजरात की तर्ज पर मप्र में भी संस्कृति बनाए जा रहे हैं. यह संस्कृति वन राजधानी भोपाल के अलावा उज्जैन, सतना जिले के चित्रकूट और छतरपुर के खजुराहो में संस्कृति बनाया जाना है. राजधानी में संस्कृति वन श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में डिवेलप किया जाएगा. इसमें 8 से 10 करोड़ खर्च आने का अनुमान निर्धारित किया गया है. प्रारंभिक कार्य शुरू करने के लिए विभाग ने एक-एक करोड़ रुपए आवंटित किए हैं. गुप्ता ने सभी डीएफओ को निर्देश दिया है कि कलेक्टर के साथ समन्वय स्थापित कर सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण करने में दिलचस्पी दिखाएं. 

गुरुवार को विभाग के मुखिया गुप्ता ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मैदानी अफसरों को कई निर्देश दिए हैं. गुप्ता ने वीडियो कांफ्रेंसिंग ने बताया कि 1 अप्रैल से वाइल्डलाइफ एक्ट में किया गया संशोधन प्रभावसील हो गई है. नए संशोधन के अंतर्गत वन्य प्राणियों की अब दो शेड्यूल निर्धारित कर गई. अभी तक 4 शेड्यूल थी. इसके लिए इंदौर सीसीएफ नरेंद्र कुमार सनोडिया ने प्रेजेंटेशन तैयार किया है, उसे सभी सर्किल में भेजा जाएगा. गुप्ता ने कांफ्रेंसिंग के दौरान प्रोटेक्शन शाखा की तारीफ करते हुए कहा कि पहली बार आग लगने की घटनाओं में ऐतिहासिक कमी आई है. दिलचस्प पहलू यह है कि अप्रैल महीने में हो रही बारिश के कारण भी आग की घटनाओं में कमी आई है. फायर की घटनाएं कम होने पर केंद्र ने भी मध्यप्रदेश की तारीफ की है. गुप्ता ने सिंगरौली मंडला बालाघाट सहित आधा दर्जन डीएफओ को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण करने के निर्देश दिए हैं. 

 बुरहानपुर के नए डीएफओ को नई चुनौती

गुप्ता ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बुरहानपुर डीएफओ विजय सिंह को नई चुनौती दी है. गुप्ता ने उनसे कहा है कि अतिक्रमणकारियों द्वारा काटे गए 700 हेक्टेयर वन क्षेत्र में नया जंगल तैयार करना है. यानी एक तरफ अतिक्रमणकारियों से वन भूमि को बचाना और दूसरी तरफ पथरीली इलाके में जंगल तैयार करना है. एक चुनौती पर विजय सिंह कितने खरे उतरेंगे या आने वाला वक्त बताएगा. बुरहानपुर से मिल रही खबरों के मुताबिक अतिक्रमणकारियों ने गिरफ्तारी और उनके घर उजड़ने के बाद भी अपनी गतिविधियां पुनः शुरू कर दी है.

 ट्रेज़री और विभाग के लेखों का मिलान नहीं

वन बल प्रमुख गुप्ता ने कहा है कि ट्रेजरी और वन विभाग के लेखों में मिलान नहीं हो रहा है. अधिकारियों से कहा है कि इसका क्रॉस वेरिफिकेशन करें. गुप्ता के कहने के बाद अफसरों में कानाफूसी शुरू हो गई की कि कहीं बड़ी वित्तीय अनियमितताएं तो नहीं हुई है, क्योंकि इस तरीके के संदेश पहली बार दिए गए हैं. सूत्रों ने बताया कि वित्तीय खर्चों को लेकर गंभीर ऑडिटर आपत्तियां भी हैं.

 पुष्कर सिंह और विभास ठाकुर की हुई तारीफ

वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान विभाग के मुखिया गुप्ता ने इएमएमएस सॉफ्टवेयर से भुगतान करने की पहल पर लघु वनोपज संघ के प्रबंध संचालक पुष्कर सिंह  और अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक विभास ठाकुर की तारीख की है. नए सिस्टम के जरिए प्रदेश के 61 जिला यूनियनों को ऑनलाइन पेमेंट सिस्टम से जोड़ दिया गया है. अब सीधे तेंदूपत्ता संग्राहकों के अकाउंट में मजदूरी की राशि भुगतान कर दी जाएगी. यानी अब लघु वनोपज संघ ने डीएफओ के अकाउंट को क्लोज कर दिया है.