संतोष साहू भोपाल में हिंदू समाज की प्रतिष्ठित संस्था हिंदू उत्सव समिति के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। संतोष साहू ने श्रीराम मंदिर हमीदिया रोड में हुए चुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समिति के पूर्व अध्यक्ष कैलाश बेगवानी को 785 मतों से पराजित किया। साहू को कुल 1877 और बेगवानी को 1092 मत मिले।

इस प्रतिष्ठित चुनाव में कुल 5 प्रत्याशी मैदान में थे। संतोष साहू और कैलाश बेगवानी के अलावा हेमंत कुशवाह 882, घनश्यामदास गुप्ता, 246 और दिनेश शर्मा 161 मत लेकर क्रमश तीसरे, चौथे और पांचवें नंबर पर रहे। समिति के कुल 8880 में से 4369 लोगों ने मतदान किया था। 

समिति के 6 साल बाद हुए चुनाव में मतदान सुबह 9 से शाम 5 बजे तक चला। रात 8 बजे मतों की गिनती शुरू हुई। गिनती कुल 9 राउंड में की गई। महापौर मालती राय और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी समेत कई जन प्रतिनिधियों ने भी मत डाले। चुनाव अधिकारी अधिवक्ता दीपेश श्रीवास्तव ने रात 11.50 बजे संतोष साहू को अध्यक्ष पद के लिए विजयी घोषित कर उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा।