राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित श्री सांवलिया सेठ मंदिर का मासिक भंडार खोला जा चुका है। यहाँ आने वाली चढ़ोत्री को गिनते हुए मंदिर प्रबंधन के लोगों का वीडियो वायरल है। बताया जा रहा है कि पहले दिन करीब 4 करोड़ 1 लाख रुपए की गिनती हुई है और अभी दो दिन और गिनती होना है।
श्री सांवलिया सेठ मंदिर का मासिक भंडार आज खोला गया...पहले दिन 4 करोड़ 1 लाख रुपए की गणना हुई...शेष गणना 28 और 29 अगस्त को की जाएगी... pic.twitter.com/U6rKJSIwHu
— Kapil Shrimali (@KapilShrimali) August 26, 2022
मंदिर भादसोड़ा गांव से करीब 13 किलोमीटर दूर मंडफिया गांव में स्थित है। श्री सांवलिया सेठ नाम से प्रसिद्ध यह मंदिर भगवान श्री कृष्ण को समर्पित है। सांवलिया सेठ मंदिर में दर्शन करने देश के कोने-कोने से श्रद्धालु आते रहते हैं।
जानकारी के अनुसार, मंदिर में दर्शन के लिए अलग-अलग जगह से कई व्यापारी भी शामिल होते हैं। इसके पीछे एक बड़ा रहस्य शामिल है। सांवलिया सेठ के मंदिर में आने वाले भक्त अपने काम धंधे या व्यापार में भगवान सांवलिया सेठ को हिस्सेदार (पार्टनर) बनाते हैं, और भगवान से व्यापार में सफल होने की प्रार्थना करते हैं।
दर्शन के लिए आने वाले भक्त अपनी कमाई की बचत में से आधा हिस्सा (अपने पार्टनर के लिए) मंदिर के दानपात्र में चढ़ा देते हैं। ऐसा करने से व्यापार में सांवलिया सेठ की कृपा बनी रहती है, शायद इसीलिए उनके नाम में भी सेठ शब्द लगा हुआ है। श्री सांवलिया सेठ को श्रद्धालु सांवरिया सेठ के नाम से भी पुकारते हैं।