पुराने शहर का भारत टाकीज ओवरब्रिज सात महीने की मरम्मत के बाद आज आवाजाही के लिए खोल दिया गया। चिकित्सा शिक्षा मंत्री और स्थानीय विधायक विश्वास कैलाश सारंग ने इसका औपचारिक लोकार्पण किया। 

महापौर मालती राय समेत निगम के अधिकारी व कुछ पार्टी कार्यकर्ता भी उनके साथ रहे। लोकार्पण के बाद मंत्री सारंग ने ब्रिज के ऊपर से जीप भी दौड़ाई। वर्ष 1972 में निर्मित भारत टाकीज आरओबी के कुल 360 बेयरिंग सहित 15 एक्सपोनशन जॉइंट बदले गए हैं। इस रिनोवेशन कार्य के लिए आरओबी बंद था।

इंजीनियरों का कहना है कि रिनोवेशन के बाद ब्रिज की उम्र करीब 25 साल बढ़ गई है। अब यह ब्रिज भोपाल रेल्वे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 को सीधे जोड़ेगा।

ज्ञात हो कि 48 साल पुराने ब्रिज के बैरिंग कमजोर हो गए थे। वहीं ब्रिज पर जगह जगह से सरिए बाहर निकल आए थे। ब्रिज के बीच में दरारें आ गई थीं। वहीं सीमेंट भी उखड़ कर नीचे गिर रहा था तथा बीचों-बीच और एप्रोच रोड में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे। 

सात साल पहले 2015 में पुल के कमजोर हिस्से के अचानक नीचे गिरने के कारण दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।