भोपाल। राज्य सरकार के जल संसाधन विभाग की साधिकार समिति ने सतना, कटनी एवं टीकमगढ़ जिले को जलाशयों से पानी आवंटित किया है। इनमें सतना जिले को पहले के मुकाबले कम पानी देना मंजूर किया गया है।
दरअसल साधिकार समिति ने सतना जिले की उचेहरा तहसील के ग्राम अतिहार के निकट औद्योगिक क्षेत्र बाबूपुर के लिये टमस नदी से वर्ष 2018 में एकेवीएन रीवा को 0.73 मिलियन घनमीटर वार्षिक जल आवंटित किया था। परन्तु अब एकेवीएन रीवा ने आवेदन देकर आवंटित जल की मात्रा को घटाकर 0.365 मिघमी वार्षिक करने का अनुरोध किया है जिसे साधिकार समिति ने स्वीकार कर लिया है।
इसी प्रकार, टीकमगढ़ जिले की लिधोराखास नगर परिषद को मुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना के लिये जामनी नदी से 0.913 मिघमी वार्षिक जल आवंटित किया गया है और निर्धारित शुल्क जमा कर जल संसाधन संभाग निवाड़ी के कार्यपालन यंत्री से एक माह के अंदर अनुबंध करने के लिये कहा है।
इधर कटनी जिले की विजय राघवगढ़ नगर परिषद को ग्राम गुड़ेहा लुकामपुर के समीप महानदी नदी से 0.76 मिघमी वार्षिक जल पेयजल योजना के लिये दिया गया है और इसी जिले की कैमौर नगर परिषद को भी पेयजल हेतु महानदी से 1.69 मिघमी वार्षिक जल आवंटित किया गया है।
इसी प्रकार, साधिकार समिति ने पीएचई खण्डवा की ग्राम बिजौरा माफी विकास खण्ड पुनासा की पेयजल योजना के लिये भुरलाय लिफ्ट इरीगेशन इन्टेकवेल के समीप इंदिरा सागर जलाशय से 0.15 मिघमी वार्षिक तथा नीमच जिले की तहसील मनासा के ग्राम भीमपुर में प्रस्तावित ग्रीनको एनर्जी प्रालि हैदराबाद को उसके हाईडल प्रोजेक्ट हेतु गांधी सागर से 2.83 मिघमी अतिरिक्त जल आवंटित किया है।