फीफा वर्ल्ड कप में बड़ा उलटफेर हो गया। खिताब की प्रबल दावेदार अर्जेंटीना को दुनिया की 49वें नंबर की टीम सऊदी अरब ने 2-1 से हराकर तहलका मचा दिया। वहीं इस मुकाबले में अर्जेंटीना के स्टार प्लेयर लियोनल मेसी ने नया रिकॉर्ड अपने नाम किया।
ग्रुप-C के मुकाबले में अर्जेंटीना के खिलाफ सऊदी अरब ने दूसरे हाफ में आक्रामल खेल दिखाते हुए परिणाम बदल दिया। अर्जेंटीना की ओर से लियोनल मेसी ने 10 वें मिनट में पेनल्टी पर गोल किया था। इसके बाद सउदी अरब के लिए 48वें मिनट में अल-शाहरानी और 53वें मिनट में सलेम अल-दावसारी ने गोल कर वर्ल्ड कप का पहला बड़ा उलटफेर कर दिया।
विश्व कप के अपने पहले मैच में ही मेसी ने सऊदी अरब के खिलाफ 10वें मिनट में गोल किया। उन्होंने पेनल्टी पर गोल कर टीम का खाता खोला। इसी के साथ मेसी ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो की भी बराबरी कर ली है।
मेसी अर्जेंटीना के लिए चार अलग-अलग विश्व कप में स्कोर करने वाले पहले खिलाड़ी बने। यह उनका पांचवां वर्ल्ड कप है। उन्होंने 2006, 2014, 2018 और 2022 में गोल किए। 2010 में मेसी एक भी गोल नहीं कर सके थे। मेसी ने इस मामले में टीम के पूर्व कप्तान डिएगो माराडोना और बतिस्तुता को पीछे छोड़ दिया है। दिवंगत डिएगो माराडोना ने 1982, 1986 और 1994 विश्व कप में गोल किए थे। वहीं, बतिस्तुता ने 1994, 1998 और 2002 वर्ल्ड कप में गोल किए थे।
मेसी चार अलग-अलग विश्व कप में स्कोर करने वाले फुटबॉल इतिहास के पांचवें खिलाड़ी हैं। इस मामले में मेसी ब्राजील के महान खिलाड़ी पेले, जर्मनी के उवे सेइलर, मिरोस्लाव क्लोज और पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो की बराबरी कर लेते हैं। इतना ही नहीं मेसी ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो के एक और रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है। उन्होंने वर्ल्ड कप में अपना सातवां गोल किया। रोनाल्डो के भी इतने ही गोल हैं।